मत होइए अब परेशान, सुकून से भर सकेंगे दिल्ली से उड़ान

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 06, 2022 | 11:00 PM IST

राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भीड़ भड़ाका अगले माह कम होने की संभावना है।


देश के इस प्रमुख हवाई अड्डे पर नया बुनियादी ढांचा, टर्मिनल एवं पार्किंग स्थान अगले माह के अंत तक शुरू हो जाएगा जिससे स्थितियां बेहतर होने की संभावना है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने एक बैठक में यह जानकारी दी। यह बैठक योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने बुलाई थी।


अहलूवालिया ने संवाददाताओं को बताया, ”उन्होंने भीड़ भड़ाके की समस्या से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। मौजूदा हवाई अड्डे के विस्तार तथा नए हवाई अड्डे के निर्माण में फर्क है। किसी मौजूदा हवाई अड्डे पर अनेक प्रणालियां, विस्तार कार्य के कारण बाधित होती हैं, जैसा अभी यहां हो रहा है।”


लगभग एक घंटे की बैठक में डायल के अधिकारियों ने किए जा रहे काम के बारे में प्रस्तुति दी।अहलूवालिया ने कहा कि सरकार को आव्रजन तथा सुरक्षा की स्टाफिंग के दो मुद्दों पर देखना है और हम सरकार को रिपोर्ट देंगे।


उन्होंने कहा,  ”जून के अंत तक, महत्वपूर्ण सुधार होना चाहिए तथा अगले छह माह में और कदम उठाए जाएंगे। इसलिए इस साल सर्दियों से पहले भीड़ भड़ाके (कंजेशन) की समस्या के हल होने की संभावना है।” डायल के प्रबंध निदेशक किरण कुमार ने कहा, ”हमें सुरक्षा तथा आव्रजन के लिए लोग चाहिए क्योंकि हम 2.4 करोड़ यात्रियों (सालाना) को देख रहे हैं जबकि क्षमता 1.2 करोड़ की है।” 


उन्होंने बताया कि डायल अनेक सुधार कर रही है जिनमें तीसरे रनवे को अगस्त माह तक शुरू करना शामिल है जबकि इसके लिए निर्धारित समयावधि अगले साल फरवरी की थी। इस बीच हाईटेक उपकरण एवं प्रणालियां स्थापित की जा रही है। इंटरनेशनल टर्मिनल या टर्मिनल-2 को जुलाई तक पुनर्व्यवस्थित किया जाएगा।


नया घरेलू टर्मिनल इस साल नवंबर माह तक तैयार हो जाएगा। कुमार ने कहा, ”हम हज टर्मिनल का भी अक्तूबर  तक उन्नयन कर रहे हैं जिसके तुरंत बाद हज परिचालन शुरू हो जाएगा। हज के बाद हम इस टर्मिनल का इस्तेमाल जनवरी 2009 से अंतरराष्ट्रीय परिचालन के लिए करेंगे।”

First Published : May 12, 2008 | 10:19 PM IST