प्रधानमंत्री के द्वारा रोजगार मेले का उद्घाटन, 75,000 युवाओं को सौंपा गया नियुक्ति पत्र

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:22 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 10 लाख कर्मियों के भर्ती अभियान वाले रोजगार मेले का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री द्वारा विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले का शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के लाखों अवसर बन रहे हैं। आस्था, अध्यात्म, ऐतिहासिक महत्व के स्थानों को भी देशभर में विकसित किया जा रहा है। ये सारे प्रयास रोजगार बना रहे हैं।
75,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र

रोजगार मेले में आज 75,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले समय में इसी तरह लाखों युवाओं को भारत सरकार द्वारा समय-समय पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। आज अगर केंद्र सरकार के विभागों में इतनी तत्परता, इतनी क्षमता आई है, इसके पीछे 7-8 साल की कड़ी मेहनत है। उन्होंने आगे कहा कि आज रोजगार के कई अवसर बन रहे हैं। आज गाड़ियों से लेकर, ट्रेन और मेट्रो के डिब्बे तक भारत में बन रहे हैं। भारत में कल कारखाने की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है जिसके कारण काम करने वालो की संख्या भी बढ़ रही है।
देश में बढ़ रही है स्टार्टअप की संख्या 

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्टार्टअप इंडिया अभियान के तहत देश में लगातार स्टार्टअप की संख्या बढ़ रही है। आज देश में लगभग 80 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं जो 2014 से पहले काफी कम थे। आज भारत कई मायनों में आत्मनिर्भर भी हो रहा है। भारत अब आयातक देश की जगह निर्यातक देश की भूमिका में आ रहा है। कई सेक्टर में हम ग्लोबल हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। 7-8 साल के भीतर हमने 10वें नंबर से 5वें नंबर तक की छलांग लगाई है। आज हमारा सबसे अधिक बल युवाओं के कौशल विकास पर है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत देश के उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से युवाओं को ट्रेनिंग देने की एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है।

First Published : October 22, 2022 | 1:20 PM IST