Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस 2024 समारोह के मौके पर चीफ गेस्ट फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) ने भारत को बड़ा तोहफा दिया है। राष्ट्रपति मैक्रों ने शुक्रवार को ऐलान किया कि फ्रांस आने वाले वर्षों में भारत से ज्यादा स्टूडेंट्स को अपने देश में पढ़ने की अनुमति देगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मैक्रों ने कहा कि 2030 तक फ्रांस अपने देश में 30,000 भारतीय छात्रों को शामिल करना चाहता है। उन्होंने कहा, “यह एक बहुत ही महत्वाकांक्षी लक्ष्य है, लेकिन मैं इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
भारतीय छात्रों के लिए आसान होगी वीजा प्रक्रिया
पोस्ट में आगे लिखा है कि फ्रांस अंतरराष्ट्रीय कक्षाएं शुरू करेगा जो उन छात्रों को विश्वविद्यालयों में शामिल होने की अनुमति देगा जो फ्रेंच नहीं बोलते हैं। मैक्रों ने कहा, “हम फ्रेंच भाषा सीखाने के लिए नए केंद्रों के साथ अलायंस फ्रैंचाइज़ का नेटवर्क विकसित कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हम अंतरराष्ट्रीय कक्षाएं बना रहे हैं जो उन छात्रों को हमारे विश्वविद्यालयों में शामिल होने की अनुमति देगी, जो जरूरी नहीं कि फ्रेंच बोलते हों।”
पोस्ट में आगे कहा गया, ‘अंतिम लेकिन महत्वपूर्ण बात, हम फ्रांस में पढ़ने वाले किसी भी पूर्व भारतीय छात्रों के लिए वीजा प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाएंगे।’
मैक्रों ने गणतंत्र दिवस की दी बधाई
एमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बनने पर खुशी व्यक्त की।
एक्स पर एक पोस्ट में मैक्रों ने कहा, “मेरे प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, भारतीय लोगों, आपके गणतंत्र दिवस पर मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं। आपके साथ रहकर खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। आइए जश्न मनाएं!”
मैक्रों की यह यात्रा जुलाई 2023 में प्रधान मंत्री नरेंद्र की फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर यात्रा के बाद एक पारस्परिक आदान-प्रदान का भी प्रतीक है। मैक्रॉन की यात्रा ऐसे समय पर आई है जब भारत और फ्रांस अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष मना रहे हैं।