नौ करोड़ रुपये हैं…, तो फ्लैट है

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 12:05 AM IST

एक ओर प्रॉपर्टी बाजार में मंदी छाई हुई है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुपर लक्जरी सेंगमेंट में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अपार्टमेंट विकसित किए जा रहे हैं।


यह अपार्टमेंट 7672 वर्गफीट का होगा, जिसकी कीमत 13,500 रुपये से 14,750 रुपये प्रति वर्गफीट के बीच होगी, जो इस क्षेत्र में प्रॉपर्टी की कीमत के लिए बेंचमार्क साबित होगा।

दरअसल, डेवलपर्स लक्जरी सेंगमेंट में काफी कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं, वहीं प्रॉपर्टी विश्लेषकों का कहना है कि लक्जरी प्रॉपर्टीज का बाजार हमेशा से मजबूत रहा है और इसमें गिरावट आने की संभावना नहीं है।

240 फ्लैट वाले अपार्टमेंट को राज सिंह गहलोत की एंबियेंस इन्फ्रास्टक्चर प्राइवेट लिमिटेड तैयार कर रही है। यह अपार्टमेंट दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर टोल गेट से 800 मीटर की दूरी 170 एकड़ जमीन पर बन रहा है। एंबियेंस प्रोजेक्ट के सबसे छोटे अपार्टमेंट की कीमत 9 करोड़ रुपये रखी गई है, वहीं सबसे बड़े अपार्टमेंट की कीमत 11.31 करोड़ रुपये होगी।

इसके अलावा खरीदारों को अलग से भी कुछ शुल्क अदा करने होंगे, जिनमें ओपन टेरिस और पार्किंग शुल्क शामिल है। एक कार पार्किंग के लिए करीब 6 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। इसके साथ ही 200 रुपये प्रति वर्गफीट मेनटेनेंस चार्ज देना होगा, यानी बड़े अपार्टमेंट के खरीदार को करीब 15 से 20 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस अपार्टमेंट में फ्लैट तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

हर ओर इटैलियन मार्बल, सेंट्रल एयरकंडीशन, 9 होल गोल्फ कोर्स, कमरे में एलसीडी टीवी तो होगा ही, हर टावर में रिसेप्शन, वेटिंग लॉन्ज और बिजनेस सेंटर भी उपलब्ध होगा। यही नहीं, बाथरूम में सोना और स्टीम बाथ की भी सुविधा मौजूद होगी। विश्लेषकों का कहना है कि 10 फीसदी डाउन पेंमेंट देने से फ्लैट की कीमत मे कुछ छूट दी जा सकती है।

अगर आप सोच रहे हैं कि प्रॉपर्टी बाजार में आ रही मंदी का असर इस पर पड़ेगा, तो ऐसा नहीं है, क्योंकि इस अपार्टमेंट के खरीदारों में बॉलीवुड स्टार, मल्टीनेशनल टेलिकॉम कंपनियों के एक्जिक्यूटिव और बड़े-बड़े बिजनेसमैन शामिल हैं। खरीदारों के बारे पूछने पर गहलोत किसी का नाम तो नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि उनके खरीदारों में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं।

वे कहते हैं कि ऐसी प्रॉपर्टी की मांग कभी कम नहीं होती। सच तो यह है कि इस सेंगमेंट में प्रतिस्पद्र्धा भी नहीं है, क्योंकि इस तरह के लोकेशन और सुविधा दूसरे डेवलपर्स नहीं मुहैया कराते हैं। दिल्ली-एनसीआर में इस तरह की लक्जरी अपार्टमेंट पहली बार नहीं बन रहे हैं। पिछले साल डीएलएफ लिमिटेड ने नई दिल्ली स्थित ग्रेटर कैलाश-2 में 5000 वर्गफीट के अपार्टमेंट को लॉन्च किया था, जिसकी कीमत उस समय करीब 8 करोड़ रुपये थी।

इसके अलावा कंपनी गुडगांव में 410 फ्लैट वाले द मैगनोलिया अपार्टमेंट भी तैयार कर रही है, जहां 19 होल वाले गोल्फ कोर्स की सुविधा मौजूद है। नोएडा में भी यूनिटेक ने पिछले साल 4.5 करोड़ रुपये में फ्लैट की बिक्री की थी।

गुड़गांव में एंबियेंस इन्फ्रास्टक्चर प्राइवेट लिमिटेड बना रही है सुपर लक्जरी अपार्टमेंट
फ्लैट की कीमत 9 से 12 करोड़ रुपये होगी
बॉलीवुड स्टार, मल्टीनेशनल कंपनियों के अधिकारी और बिजनसमैन हैं इन फ्लैटों के खरीदार

First Published : May 19, 2008 | 5:01 AM IST