INDvsPAK: रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराया

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:21 PM IST

T20 World Cup 2022: अस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है। 22 अक्टूबर से सुपर 12 राउंड की शुरुआत हो चुकी है। आज 23 अक्टूबर को दूसरा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच मेलबर्न में खेला जा रहा है। विराट कोहली और हार्दिक पंड्या की आतिशी पारी ने मैच का पाशा पलट दिया और रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से मात दी।
पाकिस्तान के 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले में राहुल और रोहित दोनों 4-4 रन बनाकर आउट हो गए। सांस रोक देने वाले मैच में भारत ने आखिरी ओवर में 16 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। कोहली ने नाबाद 82 रनों की पारी खेली। हार्दिक पंड्या ने 40 रन बनाए। 
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 160 चाहिए। पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद और शान मसूद ने अर्धशतक जड़ा। वहीं भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। 

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह ने धारदार गेंदबाजी से भारत को शानदर शुरुआत दी। मैच के दूसरे ही ओवर में अर्शदीप ने पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम को गोल्डन डक (0) पर पवेलियन भेज दिया। अर्शदीप ने अपने दूसरे ही ओवर में मोहम्मद रिजवान (4) को भी सस्ते में चलता किया। इफ्तिखार अहमद ने पारी को संभाला। 34 गेंदों का सामना करते हुए इफ्तिखार ने 51 रन बनाए। शमी ने इफ्तिखार का विकेट लेकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। शादाब खान और हैदर अली कुछ खास नहीं कर पाए। पांड्या ने दोनों के विकेट झटके। पांड्या को तीसरा विकेट नवाज के रूप में मिला। अर्शदीप ने आसिफ को आउट किया। शाहीन अफरीदी 8 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह पाकिस्तान ने 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। 

First Published : October 23, 2022 | 5:35 PM IST