मिस्त्री का अंतिम संस्कार आज

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 3:55 PM IST

टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन और शापूरजी पलोनजी ग्रुप के वारिस साइरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा। एसपी गुप ने आज यह जानकारी देते हुए कहा कि मिस्त्री का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली अंत्ये​ष्टि स्थल पर होगा।

एसपी ग्रुप ने एक बयान में कहा है, ‘अत्यंत दु:ख के साथ सूचित किया जाता है कि हमारे प्रिय साइरस पलोनजी मिस्त्री का आकस्मिक एवं असामयिक निधन हो गया। 4 सितंबर को एक दुर्भाग्यपूर्ण कार दुर्घटना में घायल होने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।’
मिस्त्री के परिवार में उनकी पत्नी रोहिका, बेटे फिरोज व जहान, मां पात्सी मिस्त्री, बहनें लैला रुस्तम जहांगीर और आलू नोएल टाटा और भाई शापूर मिस्त्री हैं।मिस्त्री मार्च 1991 में एक निदेशक के रूप में पारिवारिक कारोबार से जुड़े थे। वह एसपी समूह के निर्माण कारोबार का नेतृत्व कर रहे थे। 

बयान में कहा गया है कि उनकी उद्यमशीलता ने पिछले दो दशकों में शापूरजी पलोनजी समूह को कई उपलब्धियां हासिल करने में मदद की। इसमें भारत के पहले एकीकृत, परियोजना वित्तपोषित बिजली संयंत्र और भारत के पहले जैव प्रौद्योगिकी पार्क का विकास शामिल है। अपनी दृष्टि और विस्तार के साथ वह ईपीसी और ‘डिजाइन ऐंड बिल्ड’ जैसे संबद्ध क्षेत्रों में दक्षता विकसित करते हुए शुद्ध ठेकेदार से एक ‘मूल्य वर्धित कंपनी के रूप में समूह के संचालन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मिस्त्री ने डिजाइन एवं इंजीनियरिंग, निर्माण और परिसंपत्ति विकास जैसे क्षेत्र में कार्यरत एंड-टू-एंड बिजनेस ग्रुप के रूप में समूह के विकास की परिकल्पना की और उसका नेतृत्व किया।

First Published : September 5, 2022 | 10:16 PM IST