Nobel Prize 2022: तीन अर्थशास्त्रियों को बैंकों पर उनके काम के लिए मिला नोबेल पुरस्कार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:55 PM IST

Nobel Prize For Economic Science: अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार का आज ऐलान हो गया है। पिछले साल की ही तरह इस बार भी तीन लोगों को यह पुरस्कार दिया गया है। यह तीनों अर्थशास्त्री अमेरिका से संबंध रखते है और उन्हें ‘बैंकों और वित्तीय संकट पर शोध’ के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।
बैंकों और वित्तीय संकट पर शोध के लिए मिला नोबेल पुरस्कार 

स्टॉकहोम में रॉयल स्वीडिश अकेडमी ऑफ साइंसेज में नोबेल समिति ने सोमवार को बेन एस बर्नान्के (Ben S. Bernanke), डगलस डब्ल्यू डायमंड (Douglas W. Diamond) और फिलिप एच डायबविग ( Philip H. Dybvig) को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की। इसके साथ ही नोबेल समिति ने बताया कि इन अमेरिकी अर्थशास्त्रियों को बैंकों और वित्तीय संकट पर उनके काम के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए चुना गया है। पिछले साल डेविड कार्ड, जोशुआ एंग्रिस्ट और गुइडो इम्बेन्स को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार दिया गया था।
10 दिसंबर को दिया जाएगा पुरस्कार  

वर्ष 2022 के लिए नोबेल पुरस्कार की ये आखिरी घोषणा है। इस साल नोबेल अवार्ड की घोषणा 3 अक्टूबर से शुरू हुई थी। मीडिया रिपोटर्स के अनुसार पुरस्कार 10 दिसंबर को प्रदान किया जाएगा। आपको बता दें कि इस पुरस्कार के तहत एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग नौ लाख अमेरिकी डॉलर) का नकद पुरस्कार दिया जाता है।
स्वीडन केंद्रीय बैंक देगा पुरस्कार  

यह एक दिलचस्प तथ्य है कि अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार का उल्लेख अल्फ्रेड नोबेल की 1895 की वसीयत में नहीं था। उनकी याद में इस पुरस्कार की शुरुआत स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने की थी।

First Published : October 10, 2022 | 4:38 PM IST