मंगलवार को रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए मिसाइल हमलों में करीब 84 मिसाइलें दागी गईं हैं। जून के बाद आज कीव के साथ अन्य शहरों में हुए हमलों में 14 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। हमले की पुष्टि यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्यामगल ने बयान जारी कर की है।
उन्होंने बताया कि रूस ने यूक्रेन पर 84 क्रूज मिसाइलें दागीं है। उन्होंने यह भी बताया कि यूक्रेन के आठ इलाकों सहित कीव में नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं का काफी नुकसान पहुंचा है। डेनिस श्यामगल ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में वहां की जनता से अपील की है कि लोगों को बिजली-पानी की भारी कटौती के बीच थोड़ा स्थिर बने रहने के लिए तैयार रहने की ज़रूरत है।
जहां एक तरफ रूस ने यूक्रेन के खिलाफ अपनी कार्यवाही तेज़ कर दी है। वहीं दूसरी तरफ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बीते शनिवार को अपने एक अहम सैन्य अधिकारी को यूक्रेन युद्ध की कमान सौंप दी है। रूसी सरकार के अनुसार, इस अधिकारी का नाम सर्गेई सुवोविकीन है। सर्गेई सुवोविकीन को ‘विशेष सैन्य अभियान के क्षेत्र में संयुक्त सैन्य टुकड़ियों का कमांडर’ बनाया गया है।
रूस यूक्रेन के साथ युद्ध को शुरुआत से ही एक युद्ध न कह कर, विशेष सैन्य अभियान कहता चला आ रहा है। बताया जा रहा है कि रूस सरकार ने यह फैसला क्राइमिया को रूस से जोड़ने वाले पुल पर ट्रक बम धमाके के कुछ घंटों बाद लिया।