Queen Elizabeth II Death: 70 साल तक संभाली ब्रिटेन की राजगद्दी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 6:30 PM IST

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 96 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। बीते कुछ समय से उनकी तबियत खराब चल रही थी। क्वीन एलिजाबेथ के निधन की खबर बकिंघम पैलेस द्वारा दी गई है। 
 
इस साल की शुरुआत में ही महारानी एलिजाबेथ ने अपने शाही शासन की 70 वीं वर्षगांठ मनाई थी। एजिजाबेथ  25 साल की उम्र से लेकर अब तक शाही परिवार की अगुवाई कर रही थीं। करीब 7 दशकों तक एलिजाबेथ ने शाही परिवार और ब्रिटेन की रियासत को संभाला। 
एलिजाबेथ द्वितीय का जन्म 21 अप्रैल 1926 को हुआ था। उनका पूरा नाम था एलिजाबेथ एलेक्जेंडरा मैरी विंडसर। एलिज़ाबेथ को निजी रूप से पर घर पर शिक्षित किया गया था।  
 
एलिजाबेथ द्वितीय ने अपने पिता की मौत के बाद 25 साल की उम्र में ही शाही परिवार की जिम्मेदारी संभाली और ब्रिटेन की महारानी बनीं। थी। पिता की मौत के दिन यानी 6 फरवरी 1952 को ही एलिजाबेथ द्वितीय को ब्रिटेन महारानी नियुक्त किया गया। बाद में दो जून 1953 को उनका औपचारिक रूप से राज्याभिषेक किया गया था। तब से लेकर अब तक वे ब्रिटेन की महारानी के रूप में सत्ता पर काबिज थीं। अभी तक उनके शासनकाल में 15 प्रधानमंत्रियों ने उनके साथ काम किया है।
 
एलिजाबेथ द्वितीय यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैण्ड, जमैका, बारबाडोस, बहामास, ग्रेनेडा, पापुआ न्यू गिनी, सोलोमन द्वीपसमूह, तुवालू, संत लूसिया, संत विन्सेण्ट और ग्रेनाडाइन्स, बेलीज, अंटीगुआ, बारबूडा, संत किट्स और नेविस की महारानी थीं। इसके अलावा वह राष्ट्रमंडल के 54 राष्ट्रों और राज्यक्षेत्रों की प्रमुख भी थीं। ब्रिटिश साम्राज्ञी के रूप में वह अंग्रेजी चर्च की सर्वोच्च राज्यपाल और राष्ट्रमंडल के सोलह स्वतंत्र सम्प्रभु देशों की संवैधानिक महारानी थीं।
 
वह ब्रिटेन पर सबसे ज्यादा समय तक शासन करने वाली रानी थीं।  9 सितंबर 2015 को उन्होंने अपनी परदादी महारानी विक्टोरिया के सबसे लंबे शासनकाल के कीर्तिमान को तोड़ दिया और ब्रिटेन पर सबसे ज्यादा समय तक शासन करने वाली महारानी बन गईं।

First Published : September 9, 2022 | 8:50 AM IST