आईपीएल के लिए 44,075 करोड़ रुपये की बोली

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 6:18 PM IST

 
दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2023-27 सत्रों के लिए टीवी और डिजिटल मीडिया प्रसारण अधिकार दो अलग-अलग प्रसारकों ने हासिल किया है।  बेहद लोकप्रिय टी-20 टूर्नामेंट के मीडिया

अधिकारों की ई-नीलामी के दूसरे दिन टीवी और डिजिटल प्रसारण के लिए 44,075 करोड़ रुपये की बोली लगी। इसमें 410 मैच शामिल होंगे। पैकेज सी (गैर-विशिष्ट 18 मैचों के लिए डिजिटल अधिकार) और पैकेज डी (बाकी देशों के लिए) बोली मंगलवार को संपन्न होगी।

सूत्रों के अनुसार वायकॉम 18 ने 2023-27 आईपीएल सत्रों के लिए डिजिटल अधिकार हासिल किए हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक टीवी अधिकार हासिल करने वाले का नाम को लेकर स्पष्टता नहीं आई थी। वैसे, सोनी और डिज्नी-स्टार के नामों को लेकर चर्चा है। लेकिन दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने इस बारे में टिप्पणी करने से मना कर दिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी बोली जीतने वालों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

सूत्रों ने कहा कि डिज्नी-स्टार, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया और रिलायंस समर्थित वायकॉम 18 के बीच टेलीविजन प्रसारण अधिकार को लेकर जबरदस्त होड़ देखी गई।

रविवार को टीवी अधिकारों के बोली 23,370 करोड़ रुपये तक पहुंच गई यानी प्रति मैच 57 करोड़ रुपये। सोमवार को जब नीलामी शुरू हुई तो इसमें प्रति मैच 50 लाख रुपये का और इजाफा हुआ तथा कुल बोली 23,575 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

डिजिटल अधिकारों के रविवार को 19,680 करोड़ रुपये की बोली लगी थी लेकिन सोमवार को यह 20,500 करोड़ रुपये यानी प्रति मैच 50 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

आईपीएल का प्रति मैच मूल्य 107.5 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो अमेरिका के नैशनल फुटबॉल लीग के 132.6 करोड़ रुपये प्रति मैच से थोड़ा ही कम है। इंग्लिश फुटबॉल लीग के लिए प्रति मैच 85.8 करोड़ रुपये की बोली लगी थी।

विशेषज्ञों का कहना है कि पैकेज सी के प्रसारण अधिकार के लिए बोली 1,900 करोड़ रुपये रह सकती है। सोमवार को इसके लिए 1,700 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। बीसीसीआई ने इसके लिए 1,440 करोड़ रुपये आरक्षित मूल्य रखा है।

इसी तरह पैकेज डी प्रसारण के लिए बोली 1,600 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, जो आधार मूल्य 1,110 करोड़ रुपये से करीब 44 फीसदी अधिक होगा।
विश्लेषकों का कहना है कि बाकी बचे दोनों पैकेजों के लिए मीडिया अधिकार का मूल्य शामिल होने पर आईपीएल के प्रसारण का कुल मूल्य 47,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है।

First Published : June 13, 2022 | 11:47 PM IST