राज्य में निवेश को आकर्षित करने के मकसद में मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह से सफल साबित होती नहीं दिख रही है।
राज्य सरकार की ओर से 29-30 जुलाई को आयोजित की जा रही ग्वालियर इन्वेस्टर मीट में इसकी झलक देखी जा सकती है। सरकार की ओर से राज्य में निवेश करने के इच्छुक 20 निवेशकों की सूची बनाई गई है, उनमें से 5 ने ही दूसरी बार समझौते पर हस्ताक्षर किया है, जबकि आठ निवेशकों ने बनमौर और मुरैना में उद्योग लगाने पर सहमति जताई है।
सरकार को अनुमान है कि ग्वालियर मीट में करीब 27693.75 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव पर सहमति हो सकती है। ब्रिजस्टोन, हीरो ग्रुप, सांघी इन्फ्रास्ट्रक्चर, आईएल एंड एफएस और सूर्या रोशनी कंपनियों ने राज्य में निवेश की इच्छा जताई है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से फिक्की के साथ मिलकर ग्वालियर इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया जा रहा है। लेकिन सरकार का कहना है कि अब अपने दम पर वह निवेशकों को आकर्षित करने की योजना बनाएगी।
ब्रिजस्टोन ने 500 करोड़ रुपये की लागत से पीथमपुरा के टायर प्लांट का विस्तार करने के लिए राज्य सरकार से समझौता किया है। सांघी केलारास में 600 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट प्लांट लगाएगी, जबकि हीरो ग्रुप रायसेन जिले में 500 करोड़ रुपये की लागत से एयरक्रॉफ्ट मैन्यूफैक्चरिंग और सर्विस सेंटर खोलेगी। आईएल एंड एफएस इंदौर में 20000 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत उपकरण हब बनाएगी, जबकि सूर्या रोशनी 1076 करोड़ रुपये की लागत से सतना में सीमेंट प्लांट स्थापित करेगी।
अन्य कंपनियां, जिसने राज्य सरकार के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया है, उनमें से केएस ऑयल 120 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि नाहर पॉली फिल्म्स 300 करोड़ रुपये की लागत से पॉली फिल्म मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी। एमपी स्टील एंड पावर लिमिटेड 2000 करोड़ रुपये की लागत से 300 मेगावाट क्षमता वाली बिजली संयंत्र स्थापित करेगी, एमएसपी मेटालिंक्स 1720 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
गणपति ऑयल एंड फूड्स लिमिटेड 34 करोड़ रुपये की लागत से सोया रिफाइनरी और सॉल्वेंट प्लांट स्थापित करेगी, जबकि जमुना ऑटो राज्य में 60 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। ऑटोमोटिव एक्सेस लिमिटेड 110 करोड़ रुपये की लागत से मशीनी उपकरण निर्माण यूनिट स्थापित करेगी। इसके अलावा, करनाल मिल्क फूड्स लिमिटेड 11.75 करोड़ रुपये और पावरटेक ग्लोबल 60 करोड़ रुपये का निवेश की योजना बना रही है।