कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकस सस्पेंस अभी बना हुआ है। अगले महीने 17 अक्टूबर को होने वाले इस चुनाव को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर हैं कि कांग्रेस की कमान इस बार गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति संभाल सकता है।
इस समय फिलहाल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और केरल के तिरुवनंतपुरम से तीन बार के सांसद रहे शशि थरूर इस रेस में टॉप कैंडिडेट माने जा रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम पर भी सस्पेंस है।
खबरों के मुताबिक, कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को लेकर शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से अनुमति मांगी जिसमें उन्हें सकारात्मक जवाब मिला है। हालांकि पार्टी के लोगों का एक बड़ा हिस्सा अब भी राहुल गांधी को ही कमान सौंपना चाहते हैं।
वहीं, इस मामले में पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी नए अध्यक्ष के चयन में आम सहमति बनाने की वकालत की है और साथ ही किसी भी विशेष परिस्थितियों मे नेहरू-गांधी परिवार की प्रमुखता बनाये रखने की भी मांग की है।