टी-20 विश्व कप, पहला भारत-पाक मैच, दीवाली का सीजन, इस कॉम्बिनेशन ने बढ़ाए विज्ञापन के दाम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:25 PM IST

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले टी 20 मुकाबले के लिए विज्ञापन दरों में 15 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि देखी गई है। इसका कारण भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का रोमांच और दीवाली की छुट्टी के कारण अधिक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद को माना जा रहा है। हाल ही में एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत से मैच के बहिष्कार की धमकी दी थी जिसके कारण लोगों का उत्साह इस मैच में और बढ़ गया है।
10 सेकंड के विज्ञापन के लिए 16-18 लाख रुपये का खर्च
मीडिया प्लानर्स और खरीदारों के मुताबिक विज्ञापन दर पिछले साल के मुकाबले 15-20 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। 2021 में होने वाले टी 20 विश्व कप, जिसे एक साल आगे बढ़ा दिया गया, में अंतिम समय में 10 सेकंड के लिए विज्ञापन दर 14-15 लाख रुपये थे जो इस साल बढ़कर 16-18 लाख तक पहुंच गया है। मीडिया प्लानर्स को उम्मीद थी कि इस साल पूरे टूर्नामेंट के लिए औसत विज्ञापन दर 10-12 लाख प्रति दस सेकंड होगी। 
Disney+ Hotstar और Star Sports है  ब्रॉडकास्टर
टी20 विश्व कप का टेलीविजन ब्रॉडकास्ट का जिम्मा Star Sports के पास है जबकि Disney+ Hotstar डिजिटल ब्रॉडकास्टर है। दोनों डिज्नी-स्टार नेटवर्क का हिस्सा हैं। मीडिया जानकारों के अनुसार TV और डिजिटल दोनों प्लेटफार्म पर इस बार Dream11, Coca-Cola, Hero Motocorp, Byju मुख्य प्रायोजकों की भूमिका में हैं। इस बार डिज्नी-स्टार को करीब 500 करोड़ रुपये TV से जबकि लगभग 1,000 करोड़ रुपये डिजिटल से विज्ञापन राजस्व की उम्मीद है।
भारत- पाक मैच का रोमांच 
दोनों देश के क्रिकेट प्रेमियों को भारत-पाक का मैच आकर्षित करता रहा है। अगस्त में एशिया कप के दौरान भी भारत-पाक मैच में दर्शकों की संख्या सबसे अधिक रही थी। टी 20 विश्व कप में दर्शकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसके साथ साथ मैच भी छुट्टी के दिन हो रहा है और त्योहारी सीजन के चलते लोग खरीददारी भी कर रहे हैं जिसके कारण मैच देखने वालो की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल सकती है। एशिया कप में 28 अगस्त को भारत पाक मुकाबले को ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल ऑफ इंडिया (BARC) के मुताबिक 13.3 करोड़ लोगों ने TV पर देखा था।

First Published : October 21, 2022 | 4:59 PM IST