राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अक्षरधाम मंदिर के पास बन रहे खेलगांव में अपार्टमेंट की बिक्री बिना किसी विज्ञापन या औपचारिक घोषणा के शुरू हो गई है, जिसे खरीदार हाथों-हाथ ले रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कुल 300 अपार्टमेंट में से अब तक 80 फीसदी की बुकिंग हो चुकी है। डीडीए के लाइसेंस के तहत एम्मार-एमजीएफ की ओर से बनाए जा रहे दो बेडरूम फ्लैट की कीमत 2 करोड़ रुपये रखी गई है, वहीं 5 बेडरूम वाले बड़े अपार्टमेंट की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है। अपार्टमेंट का आधार मूल्य 12,500-12,750 रुपये प्रति वर्ग फीट रखा गया है।
उद्योग जगत के सूत्रों का कहना है कि प्राइम लोकेशन पर स्थित होने के बावजूद इन फ्लैटों की कीमत दिल्ली के अन्य क्षेत्रों के मुकाबले काफी कम है। दिल्ली से सटे गुडग़ांव की बात करें, तो वहां डीएलएफ की ओर से विकसित किए गए मैगनोलिया और अरालियास में अपार्टमेंट की कीमत 10,500 से 13,000 रुपये प्रति वर्ग फीट है।
एम्मार-एमजीएफ के मुख्य परिचालक अधिकारी संजय मल्होत्रा ने बताया कि खरीदारों का रिस्पॉन्स उम्मीद से कहीं बेहतर मिल रहा है। खेलगांव में बनने वाले 34 टॉवरों में कुल 1,168 अपार्टमेंट होंगे। खास बात यह कि कोई भी टॉवर 8 मंजिल से ऊंचा नहीं होगा। डीडीए के साथ समझौते के मुताबिक, एम्मार इनमें से दो-तिहाई अपार्टमेंट बेच सकेगा, वहीं शेष अपार्टमेंट की बिक्री डीडीए 2010 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के बाद करेगा।
इनमें से 9 टॉवरों की बुकिंग चल रही है, जिनमें दो बेडरूम फ्लैटों की बिक्री लगभग हो चुकी है। रीयल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म जॉन्स लैंग के लेसली मेघराज ने बताया कि खरीदारों के उत्साह को देखकर लगता है कि रीयल एस्टेट क्षेत्र में मंदी का दौर नहीं है। ये सभी अपार्टमेंट राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान आने वाले खिलाड़ियों और अधिकरियों के लिए बनाए जा रहे हैं, जिसे खरीदारों को वर्ष 2011 तक सौंपा जा सकता है।
…ताकि बनी रहे अक्षरधाम के वातावरण की शुध्दता
खेलगांव में बन रहे रिहायशी फ्लैट अक्षरधाम मंदिर के अनुयायियों की पसंद बन चुके हैं। गुजरात से जुड़े प्रवासी भारतीय इन दिनों वहां बन रहे फ्लैटों में अपनी बुकिंग करा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि अक्षरधाम मंदिर की सुरक्षा व आसपास के वातावरण को शुध्द बनाए रखने की मंशा से ये प्रवासी इन फ्लैटों को खरीदना चाहते हैं।
खेलगांव में बन रहे 1168 फ्लैटों में दो तिहाई फ्लैट निजी कंपनी एम्मार एमजीएफ के पास है और इनमें से अधिकतर फ्लैटों का मुखड़ा अक्षरधाम मंदिर की ओर है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी की तरफ से इस प्रकार फ्लैटों की बिक्री के लिए सबसे पहले अक्षरधाम मंदिर के एनआरआई भक्तों से संपर्क किया गया। मंदिर की ओर के दरवाजे वाले अधिकतर फ्लैटों की बुकिंग हो चुकी है।
अक्षरधाम मंदिर की चहारदीवारी खत्म होते ही खेलगांव की चहारदीवारी शुरू हो जाती है। कुल फ्लैटों में एक तिहाई डीडीए के पास है। डीडीए फ्लैटों की बुकिंग इसलिए नहीं कर सकता है क्योंकि उसने दिल्ली हाईकोर्ट में लिखित रूप से दे रखा है कि राष्ट्रकुल खेल के संपन्न होने के बाद ही वह फ्लैटों की बिक्री करेगा। यमुना किनारे खेलगांव के निर्माण को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी थी और इस मामले में अभी फैसला आना बाकी है। न्यायमूर्ति एके सिकरी व न्यायमूर्ति रेखा शर्मा की खंडपीठ ने गत फरवरी महीने में इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित कर लिया था।
दिल्ली के पॉश इलाकों में अपार्टमेंट की कीमत
पृथ्वीराज रोड औरंगजेब रोड :37,000-40,000
चाणक्यपुरी : 35,000-38,000
शांति निकेतन : 27,000-30,000
गोल्फ लिंक्सजोर बाग और सुंदर नगर : 35,000-38,000
वसंत विहारआनंद निकेतन : 24,000-26,000
पंचशील, नीति बाग, सफदरजंग डेव. एरिया : 18,000-22,000
फ्रेंड्स कॉलोनी, महारानी बाग : 15,000-20,000
ग्रेटर कैलाश-1 और 2, साउथ एक्स. : 11,000-14,000
खेलगांव में बुकिंग रेट : 12,500-12,750
(कीमत : रुपया प्रति वर्ग फीट)
(स्रोत : सीबी रिचर्ड एलिश)
खेलगांव एक नजर
मार्च 2010 तक होगा पूरा
कुल 34 टॉवरों में होंगे 1,168 अपार्टमेंट
कुल क्षेत्रफल होगा 27 एकड़