UltraTech 3,954 करोड़ रुपये में India Cements में 32.72 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी

अल्ट्राटेक के निदेशक मंडल ने सार्वजनिक शेयरधारकों से 390 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की कीमत पर खुली पेशकश को भी मंजूरी दी है।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 28, 2024 | 3:04 PM IST

प्रमुख सीमेंट विनिर्माता अल्ट्राटेक (UltraTech) 3,954 करोड़ रुपये में इंडिया सीमेंट लिमिटेड (India Cements) में 32.72 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी। आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी के निदेशक मंडल ने रविवार को इंडिया सीमेंट लिमिटेड (आईसीएल) के प्रवर्तकों की 32.72 प्रतिशत हिस्सेदारी 390 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। अल्ट्राटेक ने रविवार को शेयर बाजारों को यaह जानकारी दी।

शेयर बाजारों को दी गई जानकारी के मुताबिक, श्रीनिवासन एन और गुरुनाथ की अगुवाई वाले प्रवर्तक परिवार तथा होल्डिंग संस्थाओं से आईसीएल की इक्विटी शेयर पूंजी का 32.72 प्रतिशत हिस्सा खरीदने के लिए तीन शेयर खरीद समझौते किए हैं। इस 3,954 करोड़ रुपये के सौदे के पूरा होने के बाद, आईसीएल में अल्ट्राटेक की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी।

Also read: Adani Group की पेट्रोरसायन परियोजना दिसंबर, 2026 तक चालू होगी

ऐसे में उसे भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के नियमों के अनुसार खुली पेशकश लानी होगी। अल्ट्राटेक के निदेशक मंडल ने सार्वजनिक शेयरधारकों से 390 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की कीमत पर खुली पेशकश को भी मंजूरी दी है। यह कीमत पिछले शुक्रवार को आईसीएल के शेयर के बंद भाव 374.60 रुपये से 4.1 प्रतिशत अधिक है।

First Published : July 28, 2024 | 3:00 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)