शेयर बाजार में भारी बिकवाली के कारण सोमवार को निवेशकों की वेल्थ 5.99 लाख करोड़ रुपये घट गई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और बैंकिंग शेयरों में कमजोरी तथा विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली जारी रहने के कारण बाजार में गिरावट आई। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव और इस सप्ताह के अंत में घोषित होने वाले फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय से पहले निवेशक सतर्क रहे।
सेंसेक्स 6 अगस्त के बाद सबसे निचले स्तर पर
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (Sensex) 941.88 अंक या 1.18 प्रतिशत गिरकर 78,782.24 अंक पर बंद हुआ। यह इस इंडेक्स का छह अगस्त के बाद सबसे निचला बंद स्तर है। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 1,491.52 अंक या 1.87 प्रतिशत गिरकर 78,232.60 अंक पर आ गया था।
बाजार में आई इस भारी गिरावट के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5,99,539.5 करोड़ रुपये घटकर 4,42,11,068.05 करोड़ रुपये रह गया। इस चौतरफा बिकवाली के बीच बाजार के सभी सेक्टर के इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए।
रियल्टी सेक्टर सबसे ज्यादा गिरा
रियल्टी सेक्टर में सर्वाधिक तीन प्रतिशत की गिरावट रही जबकि तेल एवं गैस सेक्टर में 2.54 प्रतिशत, ऊर्जा खंड में 2.51 प्रतिशत और टेलीकॉम सेक्टर में 2.11 प्रतिशत की गिरावट रही।
विदेशी निवेशकों ने अक्टूबर महीने में 94,000 करोड़ रुपये (करीब 11.2 अरब डॉलर) की निकासी की है जो किसी भी महीने में अबतक की सबसे अधिक निकासी है। घरेलू शेयर बाजार के हाई वैल्यूएशन और चीनी शेयरों के आकर्षक वैल्यूएशन के कारण ऐसा हुआ।
बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) ने एक नवंबर को दिवाली के अवसर पर एक घंटे का विशेष ‘मुहूर्त कारोबार’ सेशन आयोजित किया था। इस दौरान सेंसेक्स 335.06 अंक चढ़कर 79,724.12 अंक पर और निफ्टी 99 अंक बढ़कर 24,304.35 अंक पर बंद हुआ था।