इन्वेस्को के स्वामित्व वाली इकाइयों ने मंगलवार को ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज की 5.51 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी। उसने करीब 5.3 करोड़ शेयर 263.7 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से बेचकर 1,396 करोड़ रुपये जुटाए। आंकड़ों से यह जानकारी मिली। इस शेयर के खरीदारों में मॉर्गन स्टैनली, सिटीग्रुप, बैंक ऑफ अमेरिका, एवेंडस, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ शामिल हैं।
हिस्सेदारी बिक्री से पहले ज़ी में इन्वेस्को की 10.14 फीसदी हिस्सेदारी थी। ज़ी का शेयर मंगलवार को 2.8 फीसदी चढ़कर 271 रुपये पर बंद हुआ। विगत में इन्वेस्को व ज़ी के प्रवर्तकों के बीच निदेशक मंडल और गवर्नेंस के मामलों को लेकर खासा विवाद देखने को मिला है।