करीब एक पखवाड़े तक टलने के बाद नैशनल स्टॉक एक्सचेंज इंटरनैशनल फाइनैंशियल सर्विस सेंटर (आईएफएससी) एसजीएक्स कनेक्ट का उदघाटन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पहले 15 जुलाई को इसका उदघाटन होना था, जो गुजरात में बाढ़ के कारण टल गया था।
एनएसई आईएफएससी-एसजीएक्स कनेक्ट सिंगापुर में होने वाली निफ्टी डेरिवेटिव कॉन्ट्रेक्ट की ट्रेडिंग गिफ्ट सिटी आईएफएससी के जरिए भारत में कराएगा। निफ्टी और बैंक निफ्टी अनुबंध सिंगापुर एक्सचेंज पर काफी लोकप्रिय हैं और एसजीएक्स पर होने वाली डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट की ट्रेडिंग में उसकी हिस्सेदारी 16 फीसदी है। यह देसी पूंजी बाजार के बाहर जाने पर लगाम कसने के लिए भारतीय एक्सचेंजों की तरफ से उठाए गए कदमों का एक हिस्सा है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री इंटरनैशनल फाइनैंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी के मुख्यालय और इंडिया इंटरनैशनल बुलियन एक्सचेंज का उद्घाटन भी गिफ्ट सिटी में करेंगे।