Categories: बाजार

गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर से 1,500 करोड़ रुपये जुटाएगा राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा ट्रस्ट

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 2:02 PM IST

राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा ट्रस्ट (एनएचआईटी) गैर परिवर्तनीय डिबेंचर के माध्यम से 1,500 करोड़ रुपये जुटाएगा। वह अपने पोर्टफोलियो में 3,800 करोड़  रुपये की तीन राजमार्ग परियोजनाओं को शामिल करना चाहता है। एनएचआईटी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का बुनियादी ढांचा निवेश ट्रस्ट (इनविट) है। पिछले सप्ताह, इनविट ने संस्थागत निवेशकों के जरिये 1,217 करोड़ रुपये की विदेशी पूंजी जुटाई थी।  ट्रस्ट ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) को बताया कि वो तीन अलग-अलग अंकित मूल्यों के 1.5 करोड़ डिबेंचर जारी करेगा।
हालांकि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग ने मंत्री ने पहले ही कहा था कि वे राजमार्गों के विकास के लिए पूंजी बाजार से रकम जुटाना चाहते हैं। इससे कई लोगों ने सोचा कि इसका मतलब वर्तमान में निजी-सूचीबद्ध इनविट शेयरबाजार में सूचीबद्ध होगा। सूत्रों ने बताया कि सेबी के साथ मिलकर योजना पर काम किया जा रहा है।
इस बीच, खुदरा निवेशक एनसीडी में निवेश कर सकते हैं। पहले, एनएचआईटी में बैंक ऋण शामिल थे। बीते दिनों बिज़नेस स्टैंडर्ड के इंडिया@75 सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने कहा था, ‘अब हम अपने बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) और हाइब्रिड एन्युटी मॉडल परियोजनाओं के लिए पूंजी बाजार में जा रहे हैं और हम आपको 8 फीसदी रिटर्न का भरोसा देते हैं।
धन को लेकर कोई समस्या नहीं है क्योंकि पेंशन फंड और कई अन्य निवेश करने के इच्छुक हैं। लेकिन, मैंने तय किया है कि अब मैं सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों के पैसों से, पुलिस सिपाही, पत्रकारों और सेवाक्षेत्र के लोगों के पैसों से सड़क का निर्माण करूंगा। वे एनएचएआई में निवेश कर सकते हैं।’
एनएचआईटी के पोर्टफोलियो में फिलहाल गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना और कर्नाटक में 389 किलोमीटर की 5 शुरुआती टोल परियोजनाएं हैं जिसका वह स्वामित्व, संचालन और रखरखाव करता है और वह तेलंगाना, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 246 किलोमीटर के 3 और टोल सड़कों के संचालन और रखरखाव का इरादा रखता है। 
 

First Published : October 6, 2022 | 10:33 PM IST