सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी SEBI ने कम समय में अधिक पैसे कमाने और अधिक रिटर्न जैसे लुभावने ऑफर्स से सतर्क रहने को कहा है। सेबी ने हाल ही में एक बयान में कहा है, ‘पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस उपलब्ध कराने का दावा करने वाली इकाइयों के गलत तरीके से पैसा जुटाने को लेकर निवेशकों को सतर्क रहना चाहिए।’
सेबी ने इन फर्जी इकाइओं की कार्यशैली के बारे में कहा है कि ये इकाइयां परचे छपवाकर और सोशल मीडिया के माध्यम से हाई रिटर्न के वादे के साथ जनता को लुभा रही हैं। और ऐसा करके ही ये फर्जी योजनाओं में, निश्चित रिटर्न का वादा कर कई निवेशकों से छोटी-छोटी राशि जुटा रही हैं।
‘पोर्टफोलियो’ मैनेजमेंट सर्विस देने का का दावा कर लोगों से पैसा जुटाने को लेकर सेबी के पास शिकायत पहुंची थी जिसके बाद सेबी ने ये सतर्क रहने की सलाह जारी की है। .
फर्जी इकाइयों में से कुछ इकाइयों के नाम सेबी-पंजीकृत मध्यस्थों के जैसे हैं। इसी नाम का फायदा उठा कर वे जनता को गुमराह करती हैं कि उन्होंने रेगुलेटर के पास रजिस्ट्रेशन करा रखा है।
साथ ही सेबी ने ये भी कहा है कि पोर्टफोलियो मैनेजमेंट समेत सेबी रजिस्टर्ड इंटरमीडियरिज निवेश पर फिक्स्ड रिटर्न का वादा नहीं कर सकते। फिक्स्ड रिटर्न का दावा करने वाली योजनाएं पोंजी योजनाएं की तरह चलती हैं. इस प्रकार की योजनाओं में पैसा सिक्योरिटीज मार्केट में नहीं लगाया जाता।