Categories: बाजार

बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 147 अंक और चढ़ा, निफ्टी 17,500 के पार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:32 PM IST

 
घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 146 अंक से अधिक के लाभ में रहा। सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लिमिटेड में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला।

 

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 146.59 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,107.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 439.09 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 25.30 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,512.25 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स के शेयरों में नेस्ले इंडिया, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, डॉ रेड्डीज, इन्फोसिस और मारुति प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
 
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि जापान का निक्की लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी शेयर बाजार वाल स्ट्रीट मंगलवार को बढ़त में रहा था।
 
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 90.54 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 153.40 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

 
 

First Published : October 19, 2022 | 5:12 PM IST