Categories: बाजार

शेयर बाजार में लगातार 5वें दिन रही तेजी, सेंसेक्स 96 अंक और चढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:30 PM IST

घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार पांचवे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई और BSE सेंसेक्स 95.71 अंक चढ़कर बंद हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से कारोबार के अंतिम घंटे में बाजार में तेजी आई। तीस शेयरों पर आधारित BSE सेंसेक्स 95.71 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,202.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 59,273.85 अंक के उच्चतम और 58,791.28 के निचले स्तर तक गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 51.70 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,563.95 अंक पर बंद हुआ। 

Top Gainers

सेंसेक्स के शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, पावरग्रिड, बजाज फिनसर्व, नेस्ले, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस प्रमुख रूप से लाभ में रहे। 

Top Losers

दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक के शेयर में सबसे अधिक 4.71 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई तथा एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे। 

International Indices

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट बुधवार को गिरावट में बंद हुआ। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
FIIs
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 453.91 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

First Published : October 20, 2022 | 4:45 PM IST