Categories: बाजार

सूचीबद्ध‍ता के दिन सिरमा टेक का शेयर 42 फीसदी चढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:16 PM IST

सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजिज के शेयर ने शुक्रवार को मजबूती के साथ शुरुआत की। कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस के मुकाबले 19 फीसदी की बढ़त के साथ 262 रुपये पर खुला और कारोबार की समाप्ति पर इश्यू प्राइस के मुकाबले 42 फीसदी की उछाल के साथ 313 रुपये पर बंद हुआ। मजबूत सूचीबद्ध‍ता के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण 5,516 करोड़ रुपये हो गया।

सिरमा की सूचीबद्ध‍ता करीब तीन महीने के अंतराल के बाद हुई है। इससे पहले सूचीबद्ध‍ होने वाली आखिरी कंपनी एथर इंडस्ट्रीज थी। सिरमा ने आईपीओ का कीमत दायरा 220 रुपये प्रति शेयर तय किया था। इस आईपीओ में 766 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए  और 74 करोड़ रुपये का ओएफएस संपन्न हुआ। कंपनी की योजना इससे मिली रकम का इस्तेमाल आरऐंडडी केंद्र के विकास पर पूंजीगत खर्च और कार्यशील पूंजी की आवश्यकता में करने की है।

आईपीओ को निवेशकों का उत्साहजनक समर्थन मिला  और संस्थागत श्रेणी में 87.5 गुना आवेदन मिले जबकि एचएनआई श्रेणी में 17.5 गुना और खुदरा श्रेणी में 5.5 गुना। कुल मिलाकर इस आईपीओ को 32.6 गुना आवेदन मिले। सिरमा इंजीनियरिंग व डिजायन कंपनी है, जो अप्लायंसेज, ऑटोमोटिव, स्वास्थ्य सेवा, उपभोक्ता उत्पाद व आईटी उद्योग आदि में इस्तेमाल होने वाले प्रीसिजन के वि​निर्माण से जुड़ी है।

कंपनी के उत्पादों के पोर्टफोलियो में प्रिंटेड सर्किट बोर्ड असेंबलीज, इंडक्टर्स, मैग्नेटिक फिल्टर्स और यूएसबी ड्राइव आदि शामिल हैं। 
ड्रीमफोक्स के आईपीओ को मिले 57 गुना आवेदन
ड्रीमफोक्स सर्विसेज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम को आखिरी दिन शुक्रवार को कुल मिलाकर 57 गुना आवेदन  मिल गए। संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 70.5 गुना, एचएनआई श्रेणी में  37.6 गुना आवेदन मिले जबकि खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 43.6 गुना आवेदन हासिल हुए। मंगलवार को कंपनी ने एंकर निवेशकों को शेयर आवंटित कर 253 करोड़ रुपये जुटा लिए थे।
कंपनी ने 18 एंकर निवेशकों को 77.59 लाख शेयर आवंटित किए। आईपीओ का कीमत दायरा 308 से 326 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कीमत दायरे के ऊपरी स्तर पर ड्रीमफोक्स का मूल्यांकन 1,703 करोड़ रुपये बैठता है।
कंपनी का आईपीओ पूरी तरह से मौजूदा शेयरधारकों की तरफ से ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है। जनवरी में जब कंपनी ने सेबी के पास विवरणिका का मसौदा जमा कराया था तब वह 2.18 करोड़ शेयर बेचने पर विचार कर रही थी, लेकिन बाजार में हो रहे उतारचढ़ाव को देखते हुए अब यह 20 फीसदी घटकर 1.72 करोड़ शेयर रह गया है। वित्त वर्ष 22 में कंपनी का शुद्ध‍लाभ 16.3 करोड़ रुपये और राजस्व 283 करोड़ रुपये रहा था।
 
 
 

First Published : August 26, 2022 | 11:19 PM IST