Stock market today: बड़ी गिरावट के बाद उठ खड़े हुए वैश्विक बाजार, जानें आज कैसी रहेगी मार्केट की चाल

जापान के शेयर बाजार में यह वापसी दरअसल देश के जून घरेलू खर्च में उम्मीद से ज्यादा गिरावट के चलते आई है। जापान का घरेलू खर्च जून में सालाना आधार पर 1.4 प्रतिशत कम हो गया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 06, 2024 | 9:39 AM IST

Stock market today: एशियाई बाजारों में पॉजिटिव रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को हरे निशान में खुलने की संभावना है। गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स ने भी गैप-अप शुरुआत का संकेत दिया है, जो निफ्टी 50 फ्यूचर्स की तुलना में 24,329 के स्तर पर 227 अंक अधिक है।

एशियाई बाजारों में आज जोरदार वापसी देखने को मिल रही है जिसका नेतृत्व जापान के शेयर बाजार कर रहे हैं। जापान स्टॉक एक्सचेंज का निक्केई (Nikkei) 225 मंगलवार को 9.87 प्रतिशत और टॉपिक्स (Topix) 9.95 प्रतिशत बढ़ गया। पिछले ट्रेडिंग में निक्केई 225 और टोपिक्स में 12 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई थी जिसके बाद आज जापान के शेयर बाजार में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है।

घरेलू खर्च में गिरावट से चढ़ा जापान का शेयर बाजार

जापान के शेयर बाजार में यह वापसी दरअसल देश के जून घरेलू खर्च में उम्मीद से ज्यादा गिरावट के चलते आई है। जापान का घरेलू खर्च जून में सालाना आधार पर 1.4 प्रतिशत कम हो गया है। इस बीच, प्रति परिवार औसत मासिक आय पिछले वर्ष की तुलना में वास्तविक रूप से 3.1 प्रतिशत बढ़ गई। खर्च में अनुमान से अधिक गिरावट बैंक ऑफ़ जापान की ब्याज दरें बढ़ाने की योजना को झटका दे सकती है।

इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 भी 0.65 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.92 प्रतिशत और कोस्डेक 6.60 प्रतिशत चढ़ गया। इस बीच, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स भी हरे रंग में कारोबार कर रहा है और 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ चल रहा है।

अमेरिका में 30-स्टॉक डॉव और एसएंडपी 500 ने सितंबर 2022 के बाद सोमवार को अपने सबसे खराब ट्रेडिंग सेशन का अनुभव किया। डॉव 2.6 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ, जबकि एसएंडपी 500 3 प्रतिशत गिर गया। नैस्डैक कंपोजिट में 3.43 फीसदी की गिरावट आई।

सोमवार को औंधे मुंह गिरकर बंद हुआ शेयर बाजार

सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भूचाल आ गया और बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) लगभग 3 प्रतिशत टूट गए। विश्लेषकों ने कहा कि जापान के निक्की में 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट और मध्य पूर्व में भूराजनीतिक तनाव ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

बीएसई सेंसेक्स 2,222.55 अंक या 2.74 प्रतिशत गिरकर एक महीने के निचले स्तर 78,759.40 पर बंद हुआ, जो 4 जून, 2024 के बाद से एक दिन की सबसे खराब गिरावट है। दूसरी तरफ एनएसई निफ्टी 662.10 अंक या 2.68 प्रतिशत लुढ़ककर 24,055.60 पर बंद हुआ।

First Published : August 6, 2024 | 8:30 AM IST