Stock Market: अगले सप्ताह शेयर बाजार की कैसी रहेगी चाल? जानिए क्या है एक्सपर्ट्स का अनुमान

पिछले सप्ताह, बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 1,276.04 अंक यानी 1.57 प्रतिशत गिरा जबकि एनएसई निफ्टी 350.2 अंक यानी 1.41 प्रतिशत की गिरावट पर रहा।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 11, 2024 | 1:05 PM IST

Stock market next week: मैक्रो इकनॉमिक आंकड़े, कंपनियों के जून तिमाही के नतीजे और वैश्विक बाजारों का रुख आने वाले सप्ताह में शेयर बाजार की कारोबारी धारणा को प्रभावित करेंगे। विश्लेषकों ने यह अनुमान जताया है।

इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की व्यापारिक गतिविधि भी बाजार में गतिविधियों को निर्धारित करने में एक महत्वपूर्ण कारक होगी। इस सप्ताह चार दिन ही कारोबार होगा। स्वतंत्रता दिवस (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर गुरुवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड में वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा, “इस सप्ताह सबका ध्यान वैश्विक बाजारों पर रहेगा क्योंकि हम स्थिरता की लंबी अवधि के बाद कमजोरी का असर देख सकते हैं। भारतीय इक्विटी बाजार में भी इस सप्ताह कुछ हद तक स्तर बनाए रखने की स्थिति से जूझ सकते हैं। बाजार के ऊंचे मूल्यांकन के अलावा भू-राजनीतिक तनाव भी बढ़ रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि घरेलू मोर्चे पर अप्रैल-जून तिमाही के लिए कंपनियों के वित्तीय नतीजों का अंतिम दौर इस सप्ताह खास शेयरों की दिशा तय करेंगे। इस सप्ताह हीरो मोटोकॉर्प और हिंडाल्को जैसी कुछ बड़ी कंपनियों के नतीजे आने वाले हैं।

वोडाफोन, IRCTC समेत इन कंपनियों के आएंगे तिमाही नतीजे

वोडाफोन आइडिया, एनएमडीसी, आईआरसीटीसी (IRCTC), एसजेवीएन और पीसी ज्वैलर भी सप्ताह के दौरान अपनी तिमाही आय की घोषणा करेंगे।

व्यापक आर्थिक मोर्चे पर सोमवार को जून के इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन आंकड़े और जुलाई की रिटेल महंगाई दर (Retail inflation rate) की घोषणा की जाएगी। व्होलसेल प्राइस इंडेक्स (wholesale price index) आधारित रिटेल महंगाई के आंकड़े बुधवार को जारी किए जाएंगे।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि इस सप्ताह आने वाले महंगाई के आंकड़ों के अलावा वैश्विक बाजार घरेलू बाजार की दिशा तय करेंगे।

पिछले सप्ताह गिरावट में सेंसेक्स लेकिन निफ्टी में बढ़ोतरी

पिछले सप्ताह, बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 1,276.04 अंक यानी 1.57 प्रतिशत गिरा जबकि एनएसई निफ्टी 350.2 अंक यानी 1.41 प्रतिशत की गिरावट पर रहा। येन कैरी ट्रेड (yen Karry Traade) के बंद होने और अमेरिका में मंदी की आशंकाओं के कारण पिछले सप्ताह वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में तेज गिरावट आई।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

First Published : August 11, 2024 | 11:26 AM IST