Categories: लेख

सितारों में छिड़ी एक नई जंग

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 7:05 AM IST

बॉलीवुड के चमकते सितारों ने दो साल तक वर्ल्ड टूर से खुद को जुदा रखा, पर अब एक बार फिर उन्होंने जोशो खरोश के साथ इस चमकती दुनिया में कदम रखा है।


सबसे मजेदार बात है कि इस बार उन्हें पहले की तुलना में ज्यादा मोटी रकम दी जा रही है। इस कड़ी में सबसे पहले नाम आता है बच्चन परिवार का। अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक और बहू ऐश्वर्या रॉय के साथ वर्ल्ड टूर पर जाने वाले हैं।

इस दौरे की शुरुआत 18 जुलाई से टोरंटो में होगी जिसमें बच्चन परिवार 16 कार्यक्रमों में शिरकत करेगा। इससे उन्हें करीब 60 करोड़ रुपये की कमाई होगी। ऐसे में बॉलीवुड के बादशाह किंग खान कहां पीछे रहने वाले थे। शाहरुख खान भी ‘टेंम्पटेशन रीलोडेड’ नाम से टूर शुरू करने जा रहे हैं, जो दो चरणों में होगा। किंग खान 25 अलग अलग शहरों में कला का प्रदर्शन कर 40 करोड़ रुपये की कमाई करेंगे।

इन कलाकारों ने दो साल तक वर्ल्ड टूर से खुद को भले ही दूर रखा हो, पर इस बार उन्हें पिछली बार की तुलना में लगभग दोगुना पैसा दिया जा रहा है। अपने हर परफॉर्मेंस के लिए अमिताभ बच्चन 2.5 करोड़ रुपये ले रहे हैं जबकि दो साल पहले वह हर परफॉर्मेंस के लिए 1 करोड़ रुपये लेते थे। उनका टूर  50 से 60 दिन तक चलेगा जिसमें करीब 20 से 25 परफॉर्मेंस होंगे।

मेहनताने के मामले में भी शाहरुख बिग बी से ज्यादा पीछे नहीं हैं। किंग खान भी अपने हर परफॉर्मेंस के लिए 2 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं, जबकि पहले वह 75 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच मांग करते थे। इधर, शाहरुख को टक्कर दे रहे हैं अक्षय कुमार जो अपने हर परफॉर्मेंस के लिए उनके बराबर ही पैसे मांग रहे हैं। वहीं सलमान खान, रितिक रोशन और अभिषेक बच्चन जैसे कुछ और चमकते नाम हर परफॉर्मेंस के लिए 1.5 से 1.75 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं।

अगर बॉलीवुड के अब तक के वर्ल्ड टूर पर नजर डालें तो पता चलता है कि 2004 में ‘टेम्पटेशन’ टूअर जो 43 शहरों से होकर गुजरा था, एक बेंचमार्क की तरह था। हालांकि, उसके बाद 2 साल तक बॉलीवुड दौरों का क्षेत्र कुछ सूना पड़ा रहा। जहां टेम्पटेशन में आयोजन स्थल दर्शकों से खचाखच भरे रहते थे, वहीं 2006 के रॉक स्टार दौरे में सलमान खान, जॉन अब्राहम और शाहिद कपूर जैसे बड़े नामों के बावजूद दर्शकों का उत्साह ठंडा ही रहा।

ये चमचमाते नाम भी आयोजन स्थलों में महज 70 फीसदी दर्शकों को खींच पाने में ही सफल हो पाए। टेम्पटेशन रीलोडेड के आयोजन की तैयारी करने वाले सिनेयुग एंटरटेनमेंट के प्रमोटर मोहम्मद मोरेन कहते हैं कि उस दौरान सितारों को जितना मेहनताना दिया जा रहा था, वह इतना आकर्षक नहीं था कि कलाकार 40 से 60 दिनों के लिए विदेश में परफॉर्मेंस के लिए जाने को उत्सुकता दिखाते।

टेम्पटेशन रीलोडेड में शाहरुख खान के साथ करीना कपूर, कैटरीना कैफ, अर्जुन रामपाल और गणेश हेगडे भी परफॉर्मेंस देंगे। टेम्पटेशन रीलोडेड टूर के पहले चरण  की शुरुआत बीते शनिवार को एम्सटरडम में हो चुकी है और दूसरे को अगले साल आयोजित किया जाएगा। हालांकि, वर्ल्ड टूर को लेकर बालीवुड तारिकाओं में अभी भी उतना उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है।

ऐश्वर्या रॉय ही एकमात्र अभिनेत्री हैं, जो वर्ल्ड टुअर पर पुरुष कलाकारों की बराबरी कर रहीं हैं। फिलहाल ऐश्वर्या को अपने हर स्टेज परफॉर्मेंस के लिए 1.25 करोड़ रुपये दिए जाते हैं, जबकि पहले उन्हें मेहनताने के तौर पर इसके लिए 80 लाख से 1 करोड़ रुपये मिलता था। अगर दूसरी तारिकाओं की बात करें तो रानी मुखर्जी, प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ, बिपाशा बसु को हर स्टेज परफॉर्मेंस के लिए करीब 45 से 50 लाख रुपये मिलते हैं।

फिर भी यह मेहनताना कुछ कम ही है क्योंकि यहां कलाकार थोक में एक साथ परफॉर्मेंस साइन करते हैं और ऐसा भी नहीं है कि ये सारे परफॉर्मेंस एक ही शहर में हों। इसके लिए उन्हें एक शहर से दूसरे शहर का चक्कर लगाना पड़ता है। विजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट के निदेशक सब्बास जोसेफ का कहना है कि, ‘फीस काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि उस दौरान बाजार का रंग कैसा है और उस कलाकार की मार्केट वैल्यू उस समय कैसी है।’

जोसेफ दी अनफॉरगेटेबल टुअर का आयोजन कर रहे हैं, जिसमें बच्चन परिवार के अलावा अक्षय कुमार, माधुरी दीक्षित, प्रीति जिंटा और रितेश देशमुख भी अपनी कला का जौहर दिखाएंगे। इधर, बॉलीवुड भी हॉलीवुड मॉडल के अनुसार एक नया तरीका इख्तियार करने की कोशिश में है, जिसमें किसी कलाकार को न्यूनतम गांरटी राशि दी जाती है और कार्यक्रम से जितनी कमाई होती है, उस राजस्व में भी उन्हें हिस्सेदारी दी जाती है। इस हिस्सेदारी के लिए पहले से ही करार पर हस्ताक्षर किए जाते हैं।

शो के आयोजकों की न केवल टिकट की ब्रिकी से कमाई होती है, बल्कि टेलीविजन पर प्रसारण के अधिकार और मोबाइल अधिकार के जरिए भी उन्हें पैसे मिलते हैं। पर उद्योग जगत का मानना है कि इस तरीके के कार्यक्रमों का आयोजन करने वाले आयोजकों को सबसे बड़ी चुनौती टेलीविजन चैनलों से मिलती है जो अपने कार्यक्रमों में शिरकत के लिए सिलेब्रिटीज को बढ़ चढ़कर पैसे देने को तैयार होती हैं। हालांकि सूत्रों का कहना है कि सिलेब्रिटीज शो के प्रति दर्शकों की ठंडी प्रतिक्रिया के कारण ही अब टुअर के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ने लगा है।

First Published : June 24, 2008 | 10:48 PM IST