Categories: लेख

सचमुच ए क्लास है ऑडी की नई ए 4

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 12:04 AM IST

ऑडी का नाम लग्जरी कारों के बाजार में नया नहीं है। इसके दीवानों की तो हमारे देश में भी कतई कमी नहीं है, लेकिन इस कंपनी का भारत प्रेम थोड़ी देर के बाद ही जागा है।


फिलहाल तो लग्जरी कारों के दीवानों को अपनी ओर रिझाने की रेस में उसे अब अपने ही मुल्क के दो बड़े खिलाड़ियों मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू से दो-दो हाथ करने पड़ेंगे। ये दोनों दुनिया के बेहतरीन लग्जरी कार मॉडल सी-क्लास और 3 सीरीज को बनाते हैं। इन दोनों ने भारत में अपनी लेटेस्ट मॉडलों को ऑडी से पहले ही पेश कर दिया।

खासतौर पर अगर भारत को लें तो हम पाएंगे की कारोबार के मामले में सी और 3 सिरीज की कार ने ए 4 को पीछे छोड़ दिया है। इसकी भी बहुत सारी वजहें हैं, लेकिन बड़ी वजह तो यह है कि ऑडी ने यहां अपनी इस कार को अच्छी तरह से पेश ही नहीं किया। इसके बदले उसने ए 6 पर अपना ज्यादा ध्यान केंद्रित किया। हमारे मुल्क में उसके शो रूमों की तादाद भी तो काफी कम है।

वैसे, सबसे बड़ी खामी तो ऑडी के कार में ही थी। हालांकि ये कारें किसी भी तरह से बेकार तो नहीं कही जा सकती, लेकिन यह कार बनावट और इंजन के स्तर पर खरा नहीं उतरी। इस कार के पेट्रोल वर्जन में तो बिल्कुल ओक्टाविया आरएस की तरह ही इंजन था। इसी वजह से तो लोग-बाग इस कार से दूर रहे।

भारत में यह मॉडल के तौर पर महज नाम के लिए मौजूद थी। हालांकि, इसका मतलब यह कतई मत निकालिए की इससे पहले भारत में लग्जरी कार बिकते ही नहीं थे। उलटे वो तो खूब बिका करते थे। ऑडी भी इस बात को बखूबी जानती थी कि नई ए 4 कार पर काम अभी चल रहा है।

शायद उसका यह सोचना था कि जब तक यह कार आ नहीं जाए, तब तक संदेह का फायदा ऑडी की दूसरी कारों को मिलना ही चाहिए। इसके पीछे कंपनी का मकसद लोगों को यह भरोसा दिलाना था कि यह कार पहले से बेहतरीन होगी, ताकि वे अपनी खून पसीने की कमाई इस कार को खरीदने में लगाने से न हिचकें।

पहली झलक

मैंने इसकी पहली झलक सिंगापुर में एविएशन एक्पो के दौरान देखी थी। उसे देखकर मेरे मुंह से बरबस ही निकल पड़ा कि, ‘वाह क्या कार है?’ भाई साहब, यह तो पुराने मॉडल की तरह तो बिल्कुल भी नहीं दिखती। इसमें उस पुराने कार के बोरिंग डिजाइन की झलक बिल्कुल भी नहीं है।

मुझे तो यह नई मॉडल पहले के मुकाबले बेहद मजबूत और बेहतर लगी। इसे देखकर ओलंपिक तैराकों के गठीले बदन की याद आ जाती है। खासतौर पर जब हम कार के सामने वाले हिस्से पर नजर डाले तो यह बेहद भव्य और आकर्षक दिखता है। इसका 5 स्पोक अलॉय व्हील भी बेहद आकर्षित करता है।

पहले की कार के मुकाबले यह काफी डाइनेमिक दिखती है। इस कार की बॉडी को भी बेहद अच्छे तरीके से बनाया गया है। इस कार स्पोर्टी लुक देने की भी कोशिश की गई है। इसमें कोई संदेह नहीं की वाल्टर डी’सिल्वा और उनके साथियों ने इस कोशिश को बखूबी अंजाम दिया है। वह इसमें पूरी तरह से कामयाब रहे हैं।

मस्त डिजाइन

इस कार के हेडलैम्प पर नजर डाले तो इसकी एक नजर में ही आप उसके दीवाने बन जाएंगे। उसकी रोशनी तो जबरदस्त तो है, उसे डिजाइन भी काफी अच्छे तरीके से किया गया है। इस कार के  सामने वाले हिस्से का ग्रिल भी अलग पहचान देता है, खासतौर पर काले रंग वाली इस कार में तो यह काफी खूबसूरत लगता है।

बोनट के बीच के  हिस्से के  उभरों को बड़ी चालाकी से छुपा दिया गया है। कार निश्चित रूप से कई मायने में बेहतरीन है। इसमें जो खासियतें हैं, उसकी तो उम्मीद भी आप पुराने मॉडल से नहीं कर सकते। इस कार की एक और खास चीज जो आपका ध्यान आकर्षित कराती है वह है इसकी साइज जिसकी लंबाई है 4.7 मीटर।

ए 4 कार अपने दोनों हमवतन प्रतिद्वंदियों के मुकाबले ज्यादा बड़ी है। ऑडी ने कार के आगे वाले हिस्से पर ज्यादा ध्यान दिया ताकि इसके व्हीलबेस का विस्तार हो। इसके साथ ही इसके  अगले हिस्से के ओवरहैंग को कम से कम रखा जाए। मतलब यह है कि इसकी पिछली सीट बैठने के लिए काफी आरामदायक है और इस कार के संभावित खरीदारों के लिए यह एक अच्छी खबर है।

ये हैं खामियां

अगर इस कार की खामियों की ओर ध्यान दें तो इसका पिछला हिस्सा आगे वाले हिस्से की तरह एक खास स्टाइल में शेप किया हुआ नहीं दिखता है। शायद यह सोचा गया था कि इस कार में सभी खासियत से लैस कर दें तो इससे संभावित खरीदार को लुभाया जा सकता है।

इस वजह से सी क्लास और 3 सिरीज की गाड़ियों की डिजाइन अपने आप में पूरी है। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि  चटक लाल रंग या फिर सिल्वर कलर से सजी यह ए 4 कार अपनी खुबसूरती की वजह से काफी प्रशंसा पाने लायक है।

हल्की, पर मजबूत कार

ऑडी यह दावा करता है कि ए 4 कार की  बॉडी में ज्यादा मजबूल स्टील और एल्यूमिनियम का इस्तेमाल किया गया है। ए 4 कार बाजार में आ रही दूसरी कार मॉडलों के मुकाबले काफी मजबूत और हल्का भी है।

आप पुरानी मॉडल वाली कार के  जितनी बड़ी कार में और भी ही बड़ा है लेकिन इसमें काफी खासियत जुड़ गई हैं । जब कार के इंटीरियर की क्वालिटी की बात की जाए तो ऑडी की कार का अपना बेंचमार्क है। यह कार इस ट्रेंड को बरकरार भी रखती है। इस कार की हर एक चीज में उसी स्टैंडर्ड को बनाए रखने की कोशिश भी दिखती है।

मसलन इसकी लेदर सीट की सिलाई काफी अच्छी तरीके से की गई है। इसका गियर भी काफी आसानी से काम करता है। इस कार का अंदरूनी हिस्सा इतना खूबसूरत बनाया गया है कि जो देखे वही दीवाना हो जाए। इसके स्टैंडर्ड फीचर में एक और खास बात है कि पेट्रोल कार में 6-सीडी चेंजर भी है। इसके म्यूजिक सिस्टम की आवाज तो बस कमाल की है।

इसके अंदरूनी हिस्से में बेहतरीन लेदर का इस्तेमाल किया गया है। इसमें ऑटोमेटिक एसी की सुविधा भी मौजूद है। इस कार के लिए ज्यादा पैसे खर्च करके आप दूसरी सुविधाओं के साथ-साथ रियर पार्किंग सिस्टम की सुविधा भी पा सकते हैं। आप पूछेंगे कि यह क्या बला होती है भला?

दरअसल, इसमें कार के पिछले हिस्से में लगा हुआ है एक कैमरा और रडार, जिससे रियर पार्किंग बाएं हाथ का खेल बन जाती है। अगर आप ज्यादा पैसे खर्च करें तो आपको मिल सकता है ऑडी का मल्टी मीडिया इंटरफेस और ड्राइव सलेक्ट और बैंग ऐंड ऑलोफसेन साउंड भी पा सकते हैं।

विकल्प हैं मौजूद

भारत में ऑडी ने इस कार के लिए दो तरह की इंजन का विकल्प रखा है मसलन 3200 सीसी का एफएसआई वी 6 का पेट्रोल इंजन है जिसकी ताकत 265 बीएचपी है। इसके साथ ही 2 लीटर टीडीआई इंजन भी हैं जिसकी ताकत 143 बीएचपी है।

बड़ी जुगत से सिंगापुर में पेश की गई तीन कारों में से केवल एक कार ऑडी ला रही है। वह कार है 3.2 एफएसआई। दूसरी कार थी 1.8 टी पेट्रोल कार और 2.7 लीटर टीडीआई जिसमें से किसी को भी भारत में नहीं लाया जा रहा है। इसलिए मैं 3.2 एफएसआई की बात ही आगे करूंगा। हालांकि मैं यह कह सकता हूं कि ये दूसरी कारें भी बहुत बेहतर थीं।

अनोखे टेस्ट

ऑडी ने घुमावदार सड़कों पर दो तरह के टेस्ट करवाए- धीमी और तेज रफ्तार वाले। इसमें 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में भी टर्न करने की कुशलता भी हासिल की जा सके और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में भी गीली सड़क पर ब्रेक लगाई जा सके।

इसके अलावा शहर के किसी शांत इलाके  में 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से 20 मिनट में दूरी को तय किया जाए। हालांकि ये सभी बेहतरीन मापक  नहीं है जो कार की क्षमता के  संदर्भ में एक बड़ा विचार बनाने  में मदद करें। खासतौर पर सिंगापुर की उन सड़कों पर जो बेहद चिकनी और अच्छी हैं। इसलिए भारत में ए 4 के लॉन्च टेस्ट का हमें अभी इंतजार करना होगा।

मैनें ड्राइव सलेक्ट का अनुभव किया है जिसमें ऑटो, कंफर्ट और डायनेमिक मोड का विकल्प भी मौजूद है जिसका आप अपनी मर्जी के मुताबिक चयन कर सकते हैं। तीसरे तरह के मोड में जब आपकी गाड़ी जाती है तब वह हवा से बातें करने लगती है। इसके अलावा ऑटो मोड से डायनेमिक मोड में जाने से स्टीयरिंग पर उसका भार भी बढ़ने लगता है।

जब लेन बदलना हो और ब्रेक लगाने का टेस्ट करना हो तब डायनेमिक मोड कार को संतुलित रखने का काम काफी आसान बना देता है। स्टीयरिंग भी ज्यादा बेहतर काम करता है और ब्रेक भी तेजी से काम करता है। इसमें एक ऐसी भी सेटिंग है जिसके जरिए आप अपनी मर्जी के मुताबिक अलग तरह की सेटिंग अपनी सुविधानुसार बना सकते हैं।

जबर्दस्त बदलाव

कुल मिलाकर नए ए 4 में जबर्दस्त बदलाव देखने को मिलता है। कार के अगले और पिछले हिस्से में भार का वितरण काफी समानुपातिक है। बैटरी को पिछले हिस्से में रखा गया है। जब कार चल रही होती है तो भी आगे की तरफ अच्छा बैलेंस देखने को मिलता है।

जिन लोगों की अब तक कि शिकायत थी कि ऑडी को चलाने में खास मजा नहीं होता, उनके लिए यह अच्छी खबर है। इस कार के साथ तेज गति जुड़ी हुई है और इसे स्पीड पकड़ने में खास मुश्किल नहीं आती। साथ ही इसकी स्टीयरिंग को बिना किसी परेशानी के आसानी से मोड़ा जा सकता है। कार का ईंजन भी काफी शक्तिशाली है और इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि महज सात सेकेंड में यह कार 100 किलोमीटर तक की रफ्तार पकड़ लेती है।

कहना गलत नहीं होगा कि जिन लोगों को बीएमडब्लू दौड़ाना सबसे अधिक पसंद है, उन्हें भी यह कार निराश नहीं करेगी। कार जब अपनी पूरी रफ्तार के साथ दौड़ रही हो तो भी इसकी स्टीयरिंग पर पकड़ बनाना उतना मुश्किल नहीं होता जितना 3 सीरीज में होता है। 3 सीरीज की कार भार और लोगों से मिलने वाले रिस्पॉन्स दोनों ही स्थितियों में बीएमडब्लू से मार खाती है।

हां ऑडी से आपको एक खास तोहफा जरूर मिलेगा और वह है शानदार ग्रिप। इसे सेगमेंट बस्टर की तुलना में सेगमेंट इनहैंसर कहना ज्यादा उचित होगा। ऐसे लोग जो अब तक बीएमडब्लू और मर्सीडीज के दिवाने रहे हैं और जो अपनी ड्राइविंग को एक नई परिभाषा देना चाहते हैं उनके लिए ऑडी एक अच्छी पसंद हो सकती है।

नए ए 4 के 2.0 टीडीआई मॉडल की कीमत 29 लाख रुपये है जबकि 3.2 वी 6 मॉडल की कीमत (एक्स शोरूम मुंबई में) 36 लाख रुपये है। इस कार की कीमत जर्मनी की दोनों दूसरी ब्रांडों के लगभग बराबर ही है, यह अलग बात है कि पेट्रोल ए 4 बेहतर नजर आती है।

पर यह ध्यान में रखना जरूरी है कि इस कार में तमाम सुधार किए गए हैं और यह अपने पुराने संस्करण से काफी बेहतर है। अब यह जानने के लिए कि मुश्किल और चुनौती पूर्ण रास्तों पर यह कार 3 और सी का मुकाबला कैसे करती है, एक फुल टेस्ट राइड लेना जरूरी है।

फेरारी का नया अजूबा

अभी फेरारी की जीटी को लेकर उलटी गिनती जारी है। इस बीच कंपनी ने तय समय से एक से ज्यादा हफ्ते पहले ही अपनी नई शानदार गाड़ी कैलिफोर्निया की तीन तस्वीरें पहली बार जारी की हैं। लंबे सफर की यह गाड़ी फेरारी वी 8 की श्रेणी में शामिल होगी।

कंपनी के अनुसार यह कार पूरी तरह पूरी तरह कन्वर्टेबल है और इसकी छत को मोड़ा जा सकता है। इस गाड़ी के निर्माण में एल्युमीनियम की कई चीजें लगाई गई हैं, ठीक वैसे ही जैसे अभी फेरारी के मौजूदा सभी मॉडलों में हैं। वी 8 का इंजन माउंटिंग पोजीशन में -मिड फ्रंट में आगे के एक्सल के ऊपर लगा है। नई फेरारी में ये ही तो सब नई-नई बातें हैं।

इसका इंजन 4300 सीसी का है और इसमें डायरेक्ट फ्यूल इंजेक्शन की सुविधा है। यह ऐसी तकनीक है जिस पर फेरारी उत्पादन के चरण से ही काम कर रही थी।  इंजन में फ्लैट क्रैंक भी लगा है। 7500 आरपीएम और 460 बीएचपी वाली यह कार आराम के लिहाज से काफी तेज रफ्तार वाली है।

फेरारी चार से भी कम सेकंड में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने का दावा करती है। सात स्पीड वाला डुअल क्लच ट्रांसमिशन भी ऐसी विशेषता है जिसका फेरारी पहली बार इस्तेमाल कर रही है। और इसमें कोई संदेह नहीं कि इसकी तूफानी रफ्तार भी लाजवाब है।

कैलिफोर्निया में नया मल्टीलिंक रियर सस्पेंशन सेटअप है। साथ ही इसमें एफ 1-ट्रैक ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम भी लगा है और कार्बन सेरैमिक ब्रेक भी हैं। कैलिफोर्निया फेरारी के शानदार अतीत को रोशन करने वाली क्लासिक कैलिफोर्निया स्पाइडर एसडब्लूबी के ताज में किसी मुकुट की तरह है। आप इसमें डिजाइन की कई कॉमन बातें खोज सकते हैं।

हालांकि अभी तक इसकी अंदर की तस्वीरें जारी नहीं की गई हैं। पर इसका भीतरी भाग कुछ-कुछ मौजूदा फेरारी की तरह ही होगा। क्वालिटी तो आला दर्जे की है ही, दिखने में भी यह खूबसूरत है।

फेरारी का दावा है कि कैलिफोर्निया उसी कैवैलिनो रैमपेन की तरह होगी जिसने विशिष्टता और  लक्जरी स्पोर्ट्स कारों के लिए मानक तय किए हैं। इस गाड़ी का आधिकारिक अनावरण पेरिस के ऑटो शो में होना है। हालांकि फेरारी का इरादा पूरी तरह लांच से पहले इसका ढेर सारा विवरण और कई तस्वीरें जारी करने का है।

First Published : May 19, 2008 | 3:31 AM IST