सोमवार की शाम है। मुंबई के ताज लैंड्स इंड होटल में मसाला बे रेस्तरां में हम एक बड़ी शख्सियत का इंतजार कर रहे हैं। घड़ी देखी तो 5 बजकर 20 मिनट हो रहे थे।
तभी अचानक सामने दरवाजे पर देखा तो वहां जैसे एक परी खड़ी थी। फॉर्मल शर्ट और जींस पहने वह हसीना मुस्कुराते हुए हमारी तरफ बढ़ रही थी। मिलिए हमारी आज की मेहमान करीना कपूर से। वह सुबह ही गोवा में रोहित शेट्टी की कॉमेडी फिल्म ‘गोलमाल रिटर्न्स’ की शूटिंग खत्म करके वापस लौटी हैं।
हमने पूछा कि वह क्या लेना पसंद करेंगी, लेकिन इस बला की खूबसूरत हसीन अदाकारा ने हमारे सवालों के अलावा कुछ और लेने से इनकार कर दिया।
खूबसूरत लम्हे
करीना केवल 72 घंटों के लिए सपनों की इस नगरिया में हैं। इसके बाद उन्हें शू्टिंग के लिए देश से बाहर जाना है। उन्होंने एक लंबी आह छोड़ते हुए कहा कि, ‘मेरा शेडयूल तो अगले साल तक ऐसा ही रहेगा।’ इसलिए जो थोड़ा-बहुत भी टाइम उन्हें मिला है।
उसे वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ अपनी नई जीत, जी सिने अवार्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस के अवॉर्ड मिलने को सेलिब्रेट करने में बिताना चाहती हैं। उन्हें यह सम्मान मिला है ‘जब वी मेट’ में खुशमिजाज ‘गीत’ के कैरेक्टर को पर्दे पर जिंदा कर देने के लिए। यह बात छिड़ी तो उनके खूबसूरत लबों पर खुद ब खुद ही हंसी तैरने लगी।
इस गजब की अदाकारा ने हंसते हुए कहा, ‘इस साल के सारे अवॉर्डों तो खुद ब खुद ही मेरी झोली में आ गिरे।’ फिल्म विश्लेषक इंदू मिरानी ने थोड़े हिचकिचाहट के साथ ही सही, लेकिन यह जरूर माना लिया कि, ‘पुरुषों से भरी इस मायानगरी में ‘गीत’ का कैरेक्टर वाकई लीक से हटकर था।’ वैसे, आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मिरानी की गिनती आप कम से कम करीना की फैन लिस्ट में नहीं कर सकते।
मोटी है कमाई
करीना की मुखालफत बांग्लादेश के 21 साल के सलमान हसन को बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगती। उन्होंने तो अपनी पूरी की पूरी फेसबुक इंट्री करीना के नाम कर रखी है। वह तो खुलेआम यह कहते हैं कि,’मुझे करीना के बारे में बुरी बातें सुनना अच्छा नहीं लगता।
मुझे तो करीना की एक्टिंग से लेकर उसके दांत तक सारी चीजें पसंद हैं। क्या आप मुझे उससेबस एक बार मिलवा सकते हैं।’ लेकिन हसन को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि करीना मैडम का शेडयूल बहुत ही टाइट है। इस वक्त करीना आस्ट्रेलिया में सलमान खान के साथ ‘मैं और मिसेज खन्ना’ की शूटिंग करने में जुटी हुई हैं।
वैसे, आपको बता दें कि करीना आज की तारीख में बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाने वाली हिरोइनों में से एक बन चुकी हैं। फिल्म विश्लेषक कोमल नाहटा के मुताबिक वो एक फिल्म के लिए आज 2.5 से 3.5 करोड़ रुपये तक ले रही हैं।
उनका है कि, ‘करीना की फिल्मों पर आज करीब 130 करोड़ रुपये रुपये लगे हुए हैं। इनमें राजकुमार हिरानी की अमीर खान के साथ ‘इडियट’, करण जौहर की शाहरुख के साथ ‘माई नेम इज खान’ और यशराज फिल्म्स की एनिमेशन फिल्म ‘रोडसाइड रोमियो’ जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं।’
मायानगरी के एक बड़े डाइरेक्टर ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि, ‘आज करीना की एक फिल्म करने की कीमत 2005 की उसकी कीमत के मुकाबले सात गुना हो चुकी है। तब तो उसे एक फिल्म के केवल 50 लाख रुपये ही मिलते थे।’
करीना के जादू से तो आज मुल्क की विज्ञापनों की दुनिया पर भी सिर चढ़कर बोल रहा है। उन्हें तो एड वर्ल्ड के विशेषज्ञों ने ‘इंडोर्समेंट क्वीन’ का भी तमगा दे दिया है। करीना के विज्ञापनों का काम देखने वाली उनकी इंडोर्समेंट मैनेजर स्वेता ब्रह्मा का कहना है कि वो उन कुछेक कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने खानदान की परंपरा को पूरी शिद्दत के साथ आगे बढ़ाया है।
अपने हरेक कैंपेन के लिए करीना को 1.5 से दो करोड़ रुपये तक मिलते हैं। इस वक्त उनकी झोली में कम से कम नौ एड कैंपेन हैं, जबकि चार और साल के अंत तक उनकी झोली में आ जाएंगे। इसमें एक एयरटेल का भी विज्ञापन है, जिसमें वह अपने प्रेमी सैफ अली खान के साथ नजर आएंगी। चर्चा तो यह है कि इसके उन्होंने पांच करोड़ रुपये मांगे हैं। इसका मतलब यह कि अगर वह कुछ काम न भी करें तो भी उनकी झोली में 17 करोड़ रुपये हर साल खुद ब खुद आ जाएंगे।
विज्ञापन भी दीवाने
आपको जानकर हैरानी होगी कि उन पर भारतीय विज्ञापन जगत के कम से कम 100 करोड़ रुपये लगे हुए हैं। यह उन एड कैंपनों की कीमत है, जिनका प्रचार कपूर खानदान की नई चिराग कर रही है।
ब्रांड स्पेशलिस्ट और हरीश बिजूर कंसल्टेंट्स के सीईओ हरीश बिजूर की मानें तो उनके चेहरे में मोनालिसा की झलक है, जो प्रोडक्ट्स में आकर्षण और बिंदासपन को एक साथ जोड़ देता है। कम्युनिकेशन कंसल्टेंसी फर्म क्लोरोफिल के संस्थापक आनंद हाल्वे का कहना है कि,’कैटरिना की तरफ बड़ी बड़ी कंपनियां इसलिए जा रही हैं क्योंकि उन्हें अभी करीना की क्षमता के बारे में पता ही नहीं है। लेकिन कई कंपनियों कपूर खानदान के इस नए सितारे के साथ जुड़ने को लेकर काफी आतुर हैं।’
ग्लोबस स्टोर्स के सीईओ विनय नादकरनी का कहना है कि, ‘हमने देखा है कि कैसे करीना ने नए जमाने के बीच अपनी डिमांड बढ़ाने के लिए अपनी पूरी पर्सनैलिटी को ही बदल लिया। वो तो एक स्टाइल डीवा है, जिससे हमारी ब्रांड वैल्यू में चार चांद लग गए हैं।’ ग्लोबस का दावा है कि पिछले साल से जब से करीना इस रिटेल चेन की ब्रांड अम्बैस्डर बनी हैं, कंपनी की सेल्स में 75 फीसदी का इजाफा हुआ है।
वैसे, इससे करीना पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। अपनी सुंदर उंगलियों को नचाते हुए करीना ने मुस्कुरा कर कहा, ‘मैं एक ऐसे परिवार में पैदा हुई हूं, जहां हर कोई फिल्मों से जुड़ा हुआ है। इसलिए मैंने भी सिवाए इसके कुछ और जाना ही नहीं।’ अचानक हमारी नजर उनकी थिरकती उंगलियों में एक हीरे की अंगूठी दिखी।
अंगूठी रिंग फिंगर (अनामिका) में थी, इसलिए हमारी उत्सुकता और भी बढ़ गई। क्या ये वही अंगूठी है, जिसे लेकर फिल्मी मैगजीनों और पार्टियों में चर्चा होती रहती है? क्या ये मंगनी की अंगूठी है या शादी की? लेकिन इस अदाकारा ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
गंभीर करीना
इसकी वजह भी है। आखिर चमेली, देव, ओंमकारा, जब वी मेट और टशन ने उनके करियर को एक नया रूप देने में काफी मदद जो की है। साथ ही, इन फिल्मों की वजह से उनके चाहने वालों की तादाद में भी जबर्दस्त इजाफा हुआ है।
जब वी मेट देखकर उनकी फैन बन चुकी प्रकृति सिंह का कहना है कि, ‘एक साल पहले तो मैं उससे बात तक करना पसंद नहीं करती, लेकिन आज मैं उसके ऑटोग्राफ के लिए कुछ भी कर सकती हूं। वैसे, एक बात तो तय है कि वह अपनी हर फिल्म के साथ एक स्टाइल स्टेटमेंट छोड़ जाती है।
कोई उम्मीद भी नहीं कर सकता था कि जब वी मेट में उसका लुक इतना अच्छा होगा।’ प्रकृति की दोस्त राशि सहाय को तो करीना हमेशा से ही अच्छा लगी है, लेकिन आज कल करीना की जरूरत से ज्यादा पतली कमर उन्हें नहीं भा रही।
पतली कमर
उनकी यह पतली कमर आज कल फिल्मी मैगजीनों में चर्चा का पसंदीदा मुद्दा बना हुआ है। जब मैंने उनके कम खाने के बारे में चर्चा की तो उनकी आंखें चमक उठीं।
उन्होंने पलटकर थोड़े तेज लहजे में सवाल उठाया, ‘क्या आपको ऐसा लगता है कि मैं कम खाती हूं? आप ऐसा कैसे कह सकते हैं?’ मैं मान लेती हूं कि ऐसी बात नहीं हैं। उनकी डाइटीशियन रुजुता दिवाकर का कहना है, ‘करीना का भोजन संतुलित है। वह ब्रान राइस, पनीर, पस्ता और ताजी सब्जियां खाती हैं।’
दिवाकर के मुताबिक करीना के खाने का चार्ट एक हफ्ते पहले ही बना लेती हैं। यह चार्ट इस बात पर निर्भर करता है कि वो दुनिया किस हिस्से में रहेगीं। करीना का कहना है कि, ‘मैं शाकाहारी हूं और अपने पेट को कचरा रखने की जगह नहीं बना सकती।’ उनका कहना है कि मैं तमाम लड़कियों के लिए ब्रांड बन चुकी हैं ऐसे में वे नहीं चाहेंगी कि उनके जैसा दिखने के लिए कोई जान देने पर उतारू हो जाए।
काबिल अदाकारा
सुभाष घई जैसे निर्देशक भी यह मानते हैं कि करीना उस कामयाबी की पूरी तरह से हकदार हैं, जो उन्हें मिल रही है। लेकिन घई को एक ही चिंता है कि, ‘अपने साथ वालों से जुदा यह लड़की काफी तेजी से आगे बढ़ना चाहती है और उसमें किसी भी कीमत पर कामयाबी हासिल करने की भावना छुपी हुई है।
वह बहुत ही टैलेंटेड एक्ट्रेस है, लेकिन उसे सावधान रहना चाहिए।’ जब वी मेट के डाइरेक्टर इम्तियाज अली कहते हैं, ‘मुझे आज भी उससे सरल कलाकार के साथ करने का इंतजार है। ‘जब वी मेट’ में खासतौर पर पहले हाफ में गीत को काफी बातूनी लड़की के तौर पर दिखाया गया है, लेकिन कहीं भी उसकी बातें से चिढ़ नहीं होती।
यही है करीना का जादू, आप उसे जितना देखेंगे, उतनी ही और देखने की इच्छा होती है।’ करीना के साथ ‘ओमकारा’ और ‘टशन’ में काम कर चुके सैफ अली खान का कहना है कि,’करीना ने पूरे पेज के डॉयलॉग को चंद मिनटों में ही आसानी से याद कर लेती है। उसके रोल्स को देखिए, आपको पता चल जाएगा उसने कितना काम किया है। फिल्म में उसकी जितनी भी भूमिका होती है, दमदार होती है।
मैंने जितने भी कलाकारों के साथ काम किया, करीना उससे हटकर हैं।’ इस बात से करीना भी इत्तेफाक रखती हैं। उनका कहना है कि, ‘मैं ऐसी ही फिल्मों में काम करना पसंद करती हूं, जिनमें कहानी एक औरत की जुबानी सुनाई जाती है।
अब ‘टशन’ में पूजा के किरदार को ही ले लीजिए। वह ग्लैमर्स होते हुए भी एक मजबूत किरदार थी।’ करीना भले ही इस वक्त बॉलीवुड की नंबर वन की हो, फिर भी उन्होंने बहुत ही क्यूट तरीके से इस ऑर्टिकल की कॉपी मांगी। उन्होंने शरमाते हुए कहा कि, ‘मैं इसकी कटिंग अपने पास रखना चाहती हूं।’
‘मैं पैदा ही हुई हूं स्टार बनने के लिए’
करीना से जुड़ी हर छोटी-छोटी बात का भी अफसाना बन जाता है। आइए खुद जानें करीना से कि आखिर क्या है करीना कपूर
कैसा लगता है एक कपूर होना
मैं ऐसे परिवार से ताल्लुक रखती हूं जहां की आबोहवा ही फिल्मी है। हमने कभी भी डॉक्टर-इंजीनियर बनने के लिए पढ़ाई नहीं की।
फिटनेस के बारे में
मैं हर दिन एक घंटे योग करती हूं। इसके साथ ही मैं कार्डियो एक्सरसाइज करती हूं और शाकाहारी खाना खाती हूं।
मीडिया के बारे में
सच कहूं तो जब हमारी निजी जिंदगी के बारे में लिखा जाता है, तो बड़ी तकलीफ होती है। मेरे कम खाने की चर्चाओं से तो मैं परेशान ही हो गई हूं। वे लोग इन चर्चाओं से होने वाले दर्द को नहीं समझते।
ब्रांड के बारे में
मैं उन ब्रांडों के साथ जुड़ी हूं जो आम लोगों, खासकर मिडल क्लास परिवारों में लोकप्रिय हैं। मुझे इस बात से बेहद खुशी होती है कि मैं इसके जरिये अपने फैन्स तक पहुंचती हूं।
एक्टिंग स्टाइल के बारे में
मैं तो निर्देशकों के हाथ की कठपुतली हूं। मैं ऐसी कलाकार नहीं हूं कि कुछ ज्यादा सोच सकूं या उनके काम में बार-बार दखलअंदाजी कर सकूं। मैं वही करती हूं जो मुझसे मेरा डाइरेक्टर कहता है।
बॉलिवुड के बारे में
करिश्मा अक्सर कहती है कि मैं इस मामले में किस्मत वाली हूं कि मैं नई सदी की कलाकार हूं। मैंने उसकी गलतियों से बहुत कुछ सीखा है। वैसे इंडस्ट्री और खुद मेरे विचार बहुत तेजी से बदल रहे हैं। वजह है हर शुक्रवार को दर्शकों की बदलती पसंद।