Categories: लेख

छोटी शहजादी की बड़ी रफ्तार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 5:43 AM IST

अपनी श्रेणी में मर्सिडीज बेंज ई क्लास का जलवा बदस्तूर कायम है। यह अपने आप में इतनी खास है कि पूरे सेगमेंट को ही ई क्लास के नाम से जाना जाता है।


वास्तव में यह संयोग ही है, लेकिन क्या आप मर्सिडीज बेंज की कारों की एक पूरी श्रृंखला का नाम ई क्लास पड़ने के पीछे की कहानी जानते हैं। इसके लिए हमें वापस 1950 के दशक में जाना पड़ेगा, जब मर्सिडीज बेंज ने अपनी कारों में फ्यूल इंजेक्शन की शुरुआत की थी और एस सीरीज की कारों में हैलोड 300 एसएल और स्टेटले-300 कारें बाजार में पेश की थीं।

जब फ्यूल इंजेक्शन का बड़े पैमाने पर उत्पादन होने लगा तो मर्सिडीज बेंज ने आधुनिक किस्म के इंजन वाली गाड़ी ई क्लास के रूप में बनाना शुरू किया और इसके इंजन को ‘आइंसप्रिटजंग’ का नाम दिया। इसके नाम का उच्चारण करना वाकई में मुश्किल है, वास्तव में यह फ्यूल इंजेक्शन जैसी चीज का जर्मन भाषा में नाम है। कुछ भी कहिए, 1984 में जब बेहतरीन डब्ल्यू 124 लॉन्च की गई तब तक ई क्लास का ही पूरी तरह से जलवा रहा।

अब बदलते वक्त के साथ मर्सिडीज ई क्लास का भी नया अवतार हुआ है, और इसको एक नए सेगमेंट का नाम दिया जा रहा है। इसका नया अवतार ट्रूली ई क्लास के नाम से हुआ है। डब्ल्यू 124 एक अद्भुत खोज थी जिसने एक नया ट्रेंड शुरू किया। इसकी बनावट तो शानदार थी ही परफॉर्मेंस में भी यह कहीं से भी उन्नीस नहीं थी। वास्तव में डब्ल्यू 124 ही भारत में असेंबल होने वाली और बिकने वाली पहली मर्सिडीज बेंज ई क्लास कार थी। लेकिन अपने बड़े नाम के बावजूद यह देसी बाजार में ज्यादा वक्त तक नहीं टिक पाई।

इसकी वजह इसके रिप्लेसमेंट को लेकर थी, क्योंकि डब्ल्यू 220 जल्द ही बाजार में आने वाली थी और भारत में जो लोग डब्ल्यू 124 खरीदना चाहते थे उनमें से काफी लोग इस बारे में जानते थे। अभी तक लोग डब्ल्यू 124 की वैल्यू को समझते हैं और प्रीमियम कार के बाजार में यह अभी तक बहुत बड़ा नाम है। बाद में जब डब्ल्यू 220 की प्रतिष्ठा में और बढ़ोतरी हुई इसके बाद 2002 में डब्ल्यू 221 लॉन्च की गई। जब से डब्ल्यू 124 भारत में लॉन्च हुई है तब से अब तक कंपनी भारत में इस कार के 10,000 मॉडल बेच चुकी है।

अभी हाल ही में मर्सिडीज बेंज ने भारत में ई क्लास के दो मॉडल लॉन्च किए हैं। इसमें ई 280 और ई 280 सीडीआई शामिल हैं जबकि ई 200 को बंद कर दिया गया है। कंपनी के इस कदम को समझदारी भरा बताया जा रहा है, कहा जा रहा है कि ई क्लास अब और ज्यादा किफायती हो गई है। कंपनी ने इसमें डीजल इंजनगियरबॉक्स लगाया है जो छोटी ‘सी क्लास’ में भी काम करता है और कंपनी ने नई ई 220 सीडीआई को बाजार में उतारा है, इसके अलावा एंट्री लेवल वी-6 पेट्रोल में ई-230 लॉन्च की है।

अब सवाल यह उठता है कि ये दोनों मॉडल आखिर कितने किफायती हैं? मुंबई में ई 230 की कीमत 41.44 लाख रुपये है जबकि ई 280 की कीमत 44.94 लाख रुपये है। जबकि ई 220 सीडीआई 38.99 लाख रुपये में आपकी हो सकती है, वहीं ई 280 सीडीआई के लिए आपको 43.64 लाख रुपये चुकाने पड़ेंगे। साथ ही मर्सिडीज बेंज ने ई क्लास रेंज में आधुनिक बाई जीनोन हैडलैंप्स, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल स्टियरिंग व्हील और गाड़ी में बैठने के लिहाज से बेहतरीन व्यवस्था की है। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि इसमें सफर करना बेहतरीन अनुभव है।

ई 230 आपको एक बेहतरीन सवारी का आनंद देती है। इसकी सीट, बढ़िया डिजाइन, स्टियरिंग व्हील और बाकी सारी चीजें आपको शाही अंदाज का अनुभव कराएंगी। बस गाड़ी की चाबी घुमाइए और बेहतरीन सफर के लिए निकल पड़िए। इसका इंजन 3100 रेव्स पर आवश्यक 201 बीएचपी की शक्ति प्रदान करता है और 5500 रेव्स पर 24.8 केजीएम की शक्ति देता है। इसका इंजन भी इसको शानदार गाड़ी बनाता है। इसके पिछले पहियों को चर्चित 7 जी-ट्रायोनिक के जरिये पावर मिलती है। ई 230 की ड्राइविंग ने मुझे इसका बहुत बड़ा फैन बना दिया।

कार के अंदर की शानदार चीजें, एक्सीलेटर और दूसरी कई चीजों की तुलना में आपका ध्यान जरूर खींचेंगी। इसके स्टियरिंग का नियंत्रण शानदार है जो गाड़ी को मक्खन की तरह चलाता है। इसकी वजह से 1,680 किलो की गाड़ी को आप बिना किसी मुश्किल के चला सकते हैं। देखने वाली बात यह भी है कि हमारी सड़कों पर यह किस तरह दौड़ती है। बड़े आराम से यह कार 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी सारी पावर आखिर में रेव रेंज में आती है, ऐसे में आप इस कार से क्या अपेक्षा करते हैं?

लेकिन इसका गियरबॉक्स भी आपको सुविधा ही देता है। वैसे कई बातें साबित करती हैं कि कार वाकई में शानदार है। ई 230 केवल 5.41 सेकंड में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और मात्र 10.46 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की तेजी पकड़ लेती है। इस कार को अधिकतम 202.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया जा सकता है। इस सीरीज की कई दूसरी गाड़ियों की तुलना में यह काफी कम लग सकती है। इसके मुकाबले की कई गाड़ियां इसकी तुलना में बहुत तेज हैं।

ई-280 जो 228 बीएचपी की पावर से चलती है, इससे तेज दौड़ सकती है। इस कार में 2148 सीसी का टर्बोडीजल इंजन भी है। इसकी क्षमता की बात करें तो 3700 आरपीएम के साथ 168 बीएचपी की क्षमता है। इसके इंजन पर जर्मनी में काम किया गया है। खासतौर पर इसके टर्बोचार्जर और कॉमन रेल सिस्टम पर भी काम किया गया है। यह कार जैसी दिखती है उससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वास्तव में इस कार पर कितना प्रयास किया गया है।

ई सीरीज की कारों में ई220 सीडीआई पेट्रोल इंजन की कारों के मुकाबले ज्यादा बेहतर है जो ड्राइविंग का मजा देती है। यह कार बेहद आसानी से चलाई जा सकती है। आप ज्योंही पेडल को दबाएंगे वैसे ही कार हवा से बातें करने लगती है। जब गाड़ी की स्पीड कुछ कम होती है तो उसे बरकरार रखने में इंजन का बेहतर टार्क काफी मदद देता है। इसकी वजह से ही कार को हाइवे पर या काफी भीड़ भाड़ वाले इलाके में भी ड्राइव करने में कोई परेशानी नहीं होती है।

अगर आप टेस्ट करने के तौर पर ई 220 सीडीआई को देखे को 4.06 सेकेंड में 60 किलोमीटर प्रति घंटा और 10.37 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड है। इसकी अधिकतम स्पीड 208.2 किलोमीटर प्रति घंटा है। फोर पॉट मोटर के लिए यह खराब साबित नहीं हो सकता है। दोनो पॉवरटे्रन की अलग कार्यक्षमता में कुछ बदलाव तो है ही लेकिन ई सीरिज की मर्सिडीज कारों में कुछ चीजों में कोई बदलाव नहीं होता है। यह कार अपनी प्रतिद्वंदी कार बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज की कारों के मुकाबले बड़ी तो दिखती ही है।

हालांकि जब स्पीड ज्यादा होती है तो स्टीयरिंग ज्यादा कड़ी हो जाती है इसकी वजह से आपको पता चल जाता है कि गाड़ी की स्पीड कितनी ज्यादा है। यह इस गाड़ी का सेफ्टी फीचर भी है यानी आपको यह बताने की जरूरत नहीं है कि गाड़ी का आगे वाला पहिया किस तरह आगे बढ़ रहा है।

इसके ब्रेक भी लाजवाब हैं और कार को इस तरह रोकते हैं कि आप इसके ब्रेक पर फिदा हो जाएं। इस गाड़ी में खासतौर पर ड्राइविंग की ही खासियत है। इस तरह की खासियत को बरकरार रखने की कोशिश बीएमडब्ल्यू और ऑडी कर रही हैं। ई सीरीज की गाड़ियां खासतौर पर काफी बेहतर, उम्दा और भरोसेमंद होती हैं। यही वजह है कि ज्यादतर लोग इस गाड़ी पर फिदा हो जाते हैं।

पोर्श का नया कमाल

पोर्श 911 के 2009 मॉडल को अब कार के दीवानों के लिए पेश कर दिया गया है। क्या यह 2008 के मॉडल की तरह नहीं दिखता है? बेशक इसमें कुछ अंतर तो हैं ही तभी तो इसने साबित किया है कि यह तो नया 911 मॉडल है।

अब इस मजाक की बात को छोड़े तो हम पाएंगे कि इस कार की लुक में थोड़ा बदलाव लाया गया है। हालांकि कार के निचले हिस्से में ज्यादा बदलाव आया है। इसमें एक अच्छी खबर यह है कि इस कार में 3600 सीसी और 3800 सीसी का इंजन है। इसके जरिए नई करेरा और करेरा एस मॉडल की कार को पॉवर मिलती है। पहली बार इन दोनों कारों में डायरेक्ट पेट्रोल इंजेक्शन का नया फीचर इसमें जुड़ गया है। 

ऐसा क्यों? इसकी वजह यह है कि इसमें ज्यादा पॉवर भी है। दो छोटे मोटर की कंपनियों का कहना है कि उनकी क्षमता 20 बीएचपी से बढ़कर 345 हो गई है जबकि बड़ी मोटर कंपनियों का दावा है कि उनकी कार्यक्षमता 30 बीएचपी से बढ़कर 385 बीएचपी हो गई है। करेरा की अधिकारिक रूप से सबसे ज्यादा स्पीड बताई गई है 300 किलोमीटर प्रति घंटा। इस कार के बेहतर प्रदर्शन और किफायत की आप बात करें तो आप पाएंगे की नए क्लच की वजह से यह सब संभव हुआ है।

पोर्श की नई 911 मॉडल में डबल क्लच की सुविधा है। एक क्लच के जरिए गियर को हैंडल किया जाता है वहीं दूसरे से ऑड शिफ्ट के लिए इस्तेमाल किया जाता है ताकि बेहतर प्रदर्शन हो सके। आधिकारिक रूप से इसे पोर्श डॉपेल कुपलंग कहा जाता है। इसलिए अब टिपट्रोनिक एस कहने के बजाए केवल डॉपेल कुपलंग ही क हें तो बेहतर होगा। इस कार के नए गियर बॉक्स में सात शिफ्टर हैं जिसमें ऑटोमेटिक शिफ्ट की व्यवस्था भी है जिसके जरिए आपको गाड़ी ड्राइव करने में भी आसानी होती है।

इस कार में स्पीड की आप बात करें तो आप पाएंगे कि 4.5 सेकेंड में इसकी स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह मैन्यूअल स्पीड के मुकाबले 0.2 सेकेंड ज्यादा तेज है। अगर आप स्पोटर्स क्रोनो पैकेज के साथ लॉन्च कंट्रोल को अपनाते हैं तो आपके 0.2 सेकेंड की बचत हो सकती है।

इस पोर्श कार में बाई जेनॉन हेडलाइट है और इसका एक्जॉस्ट टिप अंडाकार होता है। इस कार के एस वर्जन में दो टिप्स हैं। इसका ड्राइविंग लैंप लेड का ही बना है है जैसा कि इसका पीछे का लैंप होता है। इसमें डायनेमिक बेंडिंग लाइट भी है। यह नई कार अगले महीने से ही यूरोप में बिकनी शुरू हो जाएगी। उसके बाद भारत की बारी तो आ ही जाएगी। अब यहां कीमतों के अंतर के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।

First Published : June 16, 2008 | 1:05 AM IST