Categories: लेख

एमबीए छात्रों के मूल्यांकन का नया फंडा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 6:46 PM IST

बेंगलुरु की मेरिटट्रैक सर्विसेज ने अब एमबीए के छात्रों को नौकरी पाने में सक्षम बनाने के वास्ते एक नई पहल की है। मेरिटट्रैक सर्विसेज स्वतंत्र आकलन करने वाली कंपनी है।


मेरिटट्रैक के  एक अध्ययन के मुताबिक इस वक्त देश के 14,000 एमबीए कॉलेजों से सालाना 100,000 एमबीए स्नातक निकलते हैं। इनमें से केवल 23 फीसदी स्नातक ही नौकरी पाने लायक हैं। दूसरी तरफ भारतीय कंपनियों को सालाना 128,000 एमबीए छात्रों की जरूरत है।

इससे पहले मेरिटट्रैक सर्विसेज ने नैसकॉम के लिए आईटी क्षमता के आकलन का कार्यक्रम बनाया था और कर्नाटक सरकार के लिए कंप्यूटर क्षमता को परखने के लिए टेस्ट तैयार किया था। यह एमबीए छात्रों को खुद से हर पहलू के विकास के लिए मदद देता है।

‘ट्रैकस्किल्स एमबीए’ नाम के  इस कार्यक्रम का खास केंद्र छात्रों की संवाद क्षमता को सुधारने, विश्लेषणात्मक क्षमता और उनके व्यवहारिक पक्ष को बेहतर बनाने के लिए होता है ताकि इन छात्रों के सफलता की पूरी गुंजाइश बन जाए।

मेरिटट्रैक सर्विसेज के सीईओ और सह-संस्थापक मदन पदकी का कहना है, ‘हमें यह महसूस होता है कि छात्रों की वास्तविक स्थिति क्या है और वह किस मुकाम पर खड़े हैं इसके लिए कोई सही फीडबैक नहीं मिल पाता है। हमें लगता है कि जिन चीजों का कोई मानदंड नहीं है और उसे सुधारा नहीं जा सकता उसके लिए हमलोगों ने एक मूल्यांकन कार्यक्रम बनाया है ताकि एमबीए छात्रों की खूबियों और खामियों को भी समझा जा सके।

इससे उनके रोजगार पाने की क्षमता भी बढ़ती है।’ यह प्रोग्राम उन छात्रों को भी दिशानिर्देश देगा जो कोर्स के पहले साल के अंत तक यह नहीं समझ पाते कि वे किस क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करें। पदकी का कहना है, ‘हमने एमबीए छात्रों के खुद के आकलन के लिए जो टेस्ट निर्धारित किया है वह हमारे वेबसाइट पर ऑनलाइन भी मौजूद होगा।

छात्र टेलीफोन के जरिए आकलन के लिए भी अपने आप को रजिस्टर करा सकते हैं और टोल फ्री नंबर पर छात्र अपना आकलन कर सकते हैं। हमने 16 शहरों में 20 टेस्ट सेंटर बनाए हैं जिसमें अहमदाबाद, कोयंबटूर, कोच्चि, लखनऊ, चंडीगढ़, मंगलूर के अलावा मेट्रो शहर भी है।’

एमबीए छात्रों के  अलावा ट्रैक स्किल के टेस्ट आईटी और बीपीओ सेक्टर के लिए भी मशहूर हैं। आईटी और बीपीओ इंडस्ट्री की प्रमुख संस्था नैसकॉम ने भी एनएसी टेक टेस्ट शुरु किया। यह टेक टेस्ट 6 महीने पहले मेरिटटै्रक के साथ एक खास साझेदारी के तहत लॉन्च की गई।

एनएसी टेक इंजीनियरिंग छात्रों के आईटी इंडस्ट्री में आने की लिए जरूरी क्षमता का मानक तय करता है। इस टेस्ट के दो चरण हैं मसलन एनएसी टेक डायगोनॉस्टिक टेस्ट और एनएसी टेक सर्टिफिकेशन टेस्ट। इस कंपनी के तकनीकी रूप से सक्षम आधुनिक आकलन केंद्र के लिए आईटी कंपनियों की पैरोकार संस्था नैसकॉम ने ‘नैसकॉम आईटी इनोवेशन अवॉर्ड’ से भी नवाजा है।

फिलहाल ऐसे ही आकलन से जुड़े प्रोग्राम के लिए कंपनी की बातचीत टाइटन, आईसीआईसीआई डायरेक्ट, ऐक्सिस बैंक और एक ऑटोमोबाइल कंपनी से भी जारी है। यानी रिटेल, बैकिंग फाइनैंस और ऑटोमोटिव सेक्टर को भी आकलन कार्यक्रम की जरूरत महसूस होने लगी है।

First Published : August 26, 2008 | 11:01 PM IST