Categories: लेख

अब आर्चीज की टी-शर्ट भी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 6:44 AM IST

अपना पोर्टफोलियो बढ़ाने के लिहाज से गिफ्ट और ग्रीटिंग कार्ड बनाने वाली कंपनी आर्चीज अब कपड़ों के कारोबार में भी उतर गई है। कंपनी ‘जिंजर लेमन’ ब्रांड के तहत टी-शर्ट बेच रही है।


आर्चीज लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अनिल मूलचंदानी कहते हैं कि हम लोगों की पसंद के मुताबिक टी-शर्ट ऑफर कर रहे हैं और यह जरूरी नहीं है कि इनको किसी को गिफ्ट देने के लिए ही खरीदा जाए। इन टी-शर्टों को खासतौर से युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है और ये 325 रुपये से 399 रुपये के बीच में उपलब्ध हैं।

कंपनी की योजना हर महीने टी-शर्ट के नये-नए डिजाइन उतारने की है। ये टी-शर्ट आर्चीज के स्टोर के अलावा दूसरी कंपनियों के आउटलेटों में भी उपलब्ध हैं। ये टी शर्ट तमिलनाडु में कपड़ा उद्योग के लिए मशहूर शहर तिरूपुर में बनाई जा रही हैं। कंपनी की योजना 2010-11 तक अपने सालाना कारोबार में टी-शर्ट की हिस्सेदारी 10 फीसदी तक करने की है।

गौरतलब है कि ग्रीटिंग के बाजार में आर्चीज की हिस्सेदारी करीब 60 फीसदी की है और कंपनी के कुल राजस्व में ग्रीटिंग का 33 फीसदी योगदान है, बाकी हिस्सा गिफ्ट की बिक्री के जरिये आता है। कंपनी इसी साल बच्चों के लिए लक्जरी खिलौनों के अलावा एसेसरीज भी उतारने वाली है। कंपनी ने नवजात शिशुओं की एसेसरीज बनाने के लिए अमेरिकी कंपनी जीयूएनडी के साथ हाथ मिलाया है।

मूलचंदानी कहते हैं कि हम इसको एक बेहतरीन अवसर के रूप में देख रहे हैं क्योंकि अभी तक इस सेग्मेंट में संगठित क्षेत्र की कंपनियां न के बराबरं हैं और जो हैं भी वे बहुत ऊंचे दामों पर सामान बेच रही हैं। उनका कहना है कि जीयूएनडी के पोर्टफोलियो में नवजात शिशुओं के लिए खिलौने, कपड़े, एसेसरीज के अलावा और भी वस्तुएं शामिल हैं।

आर्चीज ने पिछले महीने ही ब्रिटेन की प्रमुख कंपनी पेपर आइलैंड के साथ उसके फ्लैगशिप ब्रांड फिज्जी मून को भारत में बेचने और वितरण के लिए गठजोड़ किया है। मूलचंदानी का कहना है कि फिज्जी मून का टैडी बीयर भी हमको फायदा पहुंचाएगा। इसके अलावा आर्चीज ने कार्लटन कार्ड्स, ब्रिटेन की एक्सप्रेशन गिफ्ट्स कंपनी और रूसबेरी के साथ भी गठजोड़ किया हुआ है। रूसबेरी डिजायनर खिलौने बनाने वाली जानी मानी कंपनी है।

कंपनी अपने उत्पादों के प्रचार के लिए अखबारों और टेलीविजन में तो विज्ञापन तो दे ही रही है साथ ही अपने ऑनलाइन पोर्टल का भी बखूबी इस्तेमाल कर रही है। इसके जरिये आप आर्चीज का कोई भी गिफ्ट खरीद सकते हैं। कंपनी इस साल अगस्त से गिफ्ट की डिलीवरी देने की सेवा भी शुरू करेगी। साल 2007-08 में आर्चीज लिमिटेड ने जहां 118 करोड़ रुपये का कारोबार किया, वहीं 2010-11 तक कंपनी का लक्ष्य अपने कारोबार को बढ़ाकर 160 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का है।

First Published : June 20, 2008 | 11:31 PM IST