Categories: लेख

अब आईसीएल भी बनेगी धमाकेदार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 1:00 AM IST

बीसीसीआई द्वारा प्रायोजित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खुमार लोगों पर सर चढ़कर बोल रहा है।


हालांकि आहिस्ता आहिस्ता सुभाष चंद्रा का शगूफा इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) अपने लॉन्च को कुछ हटकर करने के  लिए माथापच्ची कर रहा है। आईपीएल ने तो भारत के अंदर इतनी धूम मचाई कि अब चंद्रा को विदेशी धरती ही रास आ रही है।

आईसीएल के मैचों को पश्चिम एशिया में कराये जाने की तैयारी चल रही है। इसकी इनामी राशि आईपीएल से कहीं अधिक होगी। दीगर की बात है कि फिल्मी जगत के सितारे न सिर्फ आईसीएल को खरीदेंगे बल्कि वे इसमें अपने खेल हुनर का भी बखूबी प्रदर्शन करेंगे।

सीधी सी बात है कि आईपीएल ने दर्शकों का ऐसा जखीरा अपनी तरफ आकर्षित किया कि सेट मैक्स की तो चांदी हो गई और अब एसेल गु्रप भी दर्शकों को अपनी तरफ खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहा है। जी के एक वरिष्ठ कार्यकारी कहते हैं कि आईसीएल उनके लिए एक बहुत बडा एजेंडा है। इस साल सितम्बर-अक्टूबर में शुरु होने वाले आईसीएल मैचों के पहले दर्शकों और विज्ञापन देने वाली कंपनियों की रुचि का ख्याल रखते हुए बहुत सारे कदम उठाए जा रहे हैं।

उनका कहना है कि कोई ये नहीं भूले कि सबसे पहले उन्हें ही इस बात का इल्म हुआ था कि 20-20 फॉर्मेट में कितनी क्षमता है। आईसीएल के कार्यकारी कुछ नया करने के लिए खाड़ी के ऐसे स्थलों का चयन कर रहे हैं जो क्रिकेट के लिए काफी उपयुक्त है। लिहाजा इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि आईसीएल को आईपीएल से बड़ी टक्कर मिल रही है। आईसीएल की लोकप्रियता को बनाए रखना एसेल गु्रप के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है।

आईपीएल ने टेलीविजन पर एक जबरदस्त सफलता पाई है। इसकी टीआरपी भी 4-5 के बीच स्थिर रही है। विज्ञापन जानकारों का मानना है कि अगर कोई और प्रतिस्पर्द्धी इसी तरह की प्रसिद्धि पाना चाहता है तो उसे कुछ हटकर करना होगा।

First Published : May 22, 2008 | 12:34 AM IST