Categories: लेख

अब नई पैकिंग में पुरानी शराब

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 8:44 AM IST

यह मुमकिन है कि आपने अपना पसंदीदा जूस ब्रांड या फ्लेवर्ड मिल्क टेट्रा पैकिंग में लिया हो और उसका मजा उठाया हो। लेकिन अब आप अपने पसंदीदा व्हिस्की ब्रांड को भी अब इसी रूप में पा सकते हैं।


विजय माल्या की यूनाइटेड स्प्रिट्स ने अपनी बिक्री बढ़ाने के लिहाज से अपने चार ब्रांडों के लिए इसी तरह की पैकेजिंग करने का फैसला लिया है। इनमें शामिल हैं बैगपाइपर, डायरेक्टर स्पेशल, गिलबेज ग्रीन लेबल और मैकडॉवैल्स का नं.1 सेलीब्रेशन। उपभोक्ताओं की पसंद के मद्देनजर कंपनी ने यह फैसला लिया है कि वे अपने चार ब्रांड 180 एमएल के टेट्रा पैक और 60 एमएल की छोटी बोतल में पेश करेगी।

यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड (यूएसएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विजय के. रेखी का कहना है कि इस तरह की पैकिंग के जरिए वे यंग और ट्रेंडी इमेज को बरकरार रखने की कोशिश कर रहे हैं जिसे किसी समय और कहीं भी ले जाने में कोई परेशानी नहीं होती है। इसके अलावा टेट्रा पैक की एक और खासियत यह है कि वह जल्दी टूटती नहीं है और इसे कहीं ले जाना भी आसान है। इससे रिटेलर के साथ उपभोक्ताओं को भी सहूलियत होती है।

यूएसएल के  इस नई पैकिंग के लिए काम किया है पैकेजिंग के  मशहूर नाम टेट्रापैक ऑफ स्वीडन ने। इसमें इस बात का खास ख्याल रखा गया है कि इसमें स्प्रिट को कैसे रखा जाए और उपभोक्ताओं को इसका इस्तेमाल करने में कोई परेशानी न हो। यह पैक 180 एमएल के बोतल की तुलना में 50 प्रतिशत हल्का होगा और इसके साथ छेड़छाड़ करना भी मुमकिन नहीं हो पाएगा। यूनाइटेड स्प्रिट्स के मुताबिक उनकी पैकेजिंग की नई योजना ने मुनाफे में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है।

यूएसएल के मुताबिक नई पैक से बोतल पर निर्भरता कम होगी और बोतलों के टूटने से जो लागत बढ़ती है उसमें भी फायदा होगा। इसके अलावा इस नई पैकेजिंग से शेल्फ और गोदामों का स्पेस भी 50 प्रतिशत कम लगता है जिससे कारोबार के लिए बेहतर स्थिति पैदा हो जाती है। सरकार इस तरह के नशीले पेय पदार्थो के विज्ञापनों और इसकी आड़ में किए जाने वाले विज्ञापनों को लेकर कानूनी रूप से काफी सख्त होने वाली है। शराब की कंपनियां इस तरह की नई पैकेजिंग को लेकर काफी दिलचस्पी ले रही है क्योंकि इससे उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ सकती है।

मैन्यूफैक्चरिंग से जुडे क़ई लोग भी ब्रांडेड वस्तुओं को प्रीमियम पैकेजिंग और गिफ्ट पैक के जरिए बढ़ावा दे रहे हैं। स्कॉच, वाइन और वोडका के प्रीमियम ब्रांड में भी औसतन 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। भारत में लक्जरी वाइन और शैंपेन का बाजार 150,000 बोटल तक है। वोडका का बाजार 50 लाख था और इसकी प्रीमियम श्रेणी में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। डिएगो अपने जॉनी वॉकर ब्रांड के लिए सीमित वैरायटी और विशेष गिफ्ट पैक दे रही है। इसके अलावा यह हर एक ब्रांड से जुड़े कई प्रोडक्ट को लेकर आई है।

मिसाल के तौर पर इसने रेड लेबल को आइस ट्रे पैक के साथ पेश किया है जिसे आइस क्यूब टे्र की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका ब्लैक लेबल वीएमएम पैक एमपी 422 फार्मूला 1 कार के शेप से ही प्रेरणा लेकर बना है। इसके डिजाइन का लक्ष्य फार्मूला 1 की दुनिया और जॉनी वॉकर ब्लैक लेबल के स्टाइल से उपभोक्ताओं को रूबरू कराना है। डिएगो इंडिया के  एमडी आसिफ आदिल का कहना है कि हमारा प्रोडक्ट भारतीय उपभोक्ताओं की कसौटी पर खरा उतर रहा है और इस तरह की अनोखी पैकेजिंग बाजार की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के लिए जरूरी भी है।

दूसरी ओर वाइन ब्रांड एम चपौतिए की  बोतल पर ब्रेल लेबल लगा होता है। भारत में चपौतिए वाइन की मार्केटिंग करने वाली फाइनवाइन्समोर के  सीईओ और सह संस्थापक धरती देसाई का कहना है कि यह ब्रंाड उनके लिए बेहद खास है। इसकी वजह केवल इसकी टॉप क्वालिटी ही नहीं है बल्कि यह इकलौती ऐसी कंपनी है जो अपना वाइन लेबल ब्रेल लिपि में बनाती है। उनके लेबल भी उनके वाइन की तरह ही काफी अच्छे हैं। बकार्डी के बेहतर का प्रीमियम ब्रांड बॉम्बे सफायर को भी बडे हीरे की शेप वाली बोतल में पेश किया गया है। जिसका नाम रखा गया है रिविलेशन।

यह हाथों से बने 5 क्रिस्टल बोतल में सफायर और डायमंड के साथ सजाया गया है जिसकी हर एक की कीमत 200,000 डॉलर है। बकार्डी मार्टिनी इंडिया लिमिटेड के मार्के टिंग कंट्रोलर अरविंद कृष्णन का कहना है कि बॉम्बे सफाय का रिवीलेशन किसी ब्रांड को खूबसूरती और अनोखेपन के साथ पेश करने का नायाब तरीका है। घरेलू मोर्चे पर रैडिको खेतान ने अपने मैजिक मूमेंट्स वोडका की पैकेजिंग के लिए यूरोपीय तकनीक में निवेश किया है। इसे ज्यादा ट्रेंडी और आकर्षक बनाने के लिए एम 2 के तौर पर लॉन्च किया गया है।

First Published : July 1, 2008 | 10:17 PM IST