Categories: लेख

शब्दकोशों पर भारी ऑनलाइन शब्दकोश

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 11:42 AM IST

एक समय था जब हमें ऑफिस या घर पर कार्य के दौरान किसी शब्द का मतलब जानने के लिए मोटे-मोटे शब्दकोशों को पलटने की जरूरत पड़ती थी। लेकिन अब यह सब इंटरनेट पर उपलब्ध हो गया है।


आज ऐसे दर्जनों ऑनलाइन शब्दकोश हैं जिनका इस्तेमाल कर हम कागजी शब्दकोशों के झंझट से मुक्त हो सकते हैं। इन ऑनलाइन शब्दकोशों की लोकप्रियता इस कदर बढ़ चुकी है कि इससे कागजी शब्दकोशों के कारोबार में मंदी है। राजधानी में कई प्रकाशकों का भी मानना है कि  कागजी शब्दकोशों पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

दिल्ली के आसफ अली रोड स्थित ‘हिन्दी बुक सेंटर’ के प्रॉपराइटर अनिल वर्मा ने बिजनेस स्टैंडर्ड के साथ बातचीत में कहा कि ऑनलाइन शब्दकोशों से उपयोगकर्ताओं को काफी सहूलियत हुई है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि मेरा मानना है कि इसका कागजी शब्दकोशों की बिक्री पर असर नहीं पड़ा है।

ऑनलाइन शब्दकोशों की सूची में शब्दकोश डॉटकॉम, वर्डएनीव्हेयर डॉटकॉम, अक्षरमाला डॉटकॉम, सीएफआईएलटी. आईआईटीबी.एसी. इन, खांडबहाले डॉटकॉम जैसे दर्जनों शब्दकोश अंग्रेजी से हिन्दी में अपनी सेवा उपलब्ध कराते हैं। सीएफआईएलटी.आईआईटीबी.एसी. इन शब्दकोश आईआईटी मुंबई द्वारा उपलब्ध कराया गया है। इसी तरह अंग्रेजी शब्दकोशों की सूची में डिक्शनरी डॉटकॉम, वनलुक डॉटकॉम जैसे ढेरों नाम शुमार हैं। इन ऑनलाइन शब्दकोशों पर कुछ ही सेकेंडों में किसी शब्द का अर्थ जाना जा सकता है।

अंग्रेजी से हिन्दी शब्दकोशों में शब्दकोश डॉटकॉम काफी लोकप्रिय हो चुका है। यह वेबसाइट मनीष सोनी के दिमाग की उपज है जिन्होंने 2003 में इसे तैयार किया। वैसे अधिकांश कंपनियां ऑनलाइन डिक्शनरी की सेवा नि:शुल्क उपलब्ध करा रही हैं, लेकिनऑक्सफोर्ड, टर्टल जैसी कई कंपनियां इसके लिए शुल्क लेती हैं। इनमें से अधिकांश कंपनियां 30 दिनों के ट्रायल के तौर पर यह सेवा नि:शुल्क देने की पेशकश भी करती हैं। ऑक्सफोर्ड कंपनी, ऑक्सफोर्ड लेंग्वेज डिक्शनरीज ऑनलाइन (ओएलडीओ) नाम से अपनी वेबसाइट पर यह सेवा उपलब्ध कराती है।

जब इस बारे में दिल्ली के राजपाल ऐंड संस पब्लिशर्स से बात की गई तो इस प्रकाशन की मीरा जौहरी ने बताया कि ऑनलाइन शब्दकोशों का  कागजी शब्दकोशों पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। ऑनलाइन शब्दकोशों की मार कागजी शब्दकोशों पर पड़ रही हो या नहीं, लेकिन इनकी लोकप्रियता में तेजी से इजाफा हो रहा है। कुछ ऑनलाइन शब्दकोशों की सीडी खरीद कर आप अपने कम्प्यूटर में इन्हें आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। पेलागियन शब्दकोश की सीडी 500 रुपये से 650 रुपये में उपलब्ध है।

आप इसे खरीद कर कम्प्यूटर में डाउनलोड कर सकते हैं। इस शब्दकोश में 120,000 शब्द और 20,000 मुहावरे शामिल किए गए हैं। इस शब्दकोश पर आप अंग्रेजी से हिन्दी और हिन्दी से अंग्रेजी में शब्द का मतलब बहुत कम समय में जान सकते हैं। इसी तरह टर्टल का ऑनलाइन शब्दकोश भी सीडी में उपलब्ध है। इसकी कीमत 140 रुपये से 150 रुपये के बीच है। कुछ ऑनलाइन शब्दकोश तो ‘कोट ऑफ द डे’ और ‘वर्ड ऑफ द डे’ के तहत नई-नई जानकारियां मुहैया कराते हैं जो छात्रों आदि के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो सकती हैं।

First Published : July 16, 2008 | 10:57 PM IST