Categories: लेख

बॉलीवुड के नए किंग का चला जादू

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 6:00 PM IST

अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म ‘सिंह इज किंग’ के जरिए एक बार फिर लोगों पर अपना जादू चलाने की कोशिश की है। यह फिल्म एक सिख युवक की कहानी है जो पंजाब स्थित अपने गांव के एक कुख्यात डॉन को लेने के लिए आस्ट्रेलिया जाता है।


इस फिल्म को पहले हफ्ते में ही 95 फीसदी की ओपनिंग मिली है। सबसे खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए भारतीय फिल्मों के कारोबार में एक नए दौर की शुरुआत हुई है। अगर आप सन्नी देओल की फिल्म गदर को छोड़ दें तो पहली बार किसी हिंदी फिल्म में मुख्य किरदार एक सिख का है।

अक्षय कुमार की अदाकारी को देखकर फिल्म जगत के सभी लोग इस बात पर सहमत होंगे कि उन्होंने अपने किरदार के साथ न्याय किया है। अक्षय कुमार ने हैप्पी सिंह का किरदार बखूबी निभाया है। ऐसा लगता है कि अक्षय कुमार को पूरी उम्मीद थी कि अनुमान से ज्यादा इस फिल्म को सफलता मिलने वाली है।

उनकी कंपनी ‘हरि ओम प्रोडक्शन’ का इस फिल्म के निर्माण में 33 फीसदी हिस्सा है। फिल्म ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा के मुताबिक ‘सिंह इज किंग’ ने पहले सप्ताहांत में ही 25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके जरिए कुमार को 8.33 करोड़ रुपये की कमाई की और उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में और भी ज्यादा फायदा होगा।

यह फिल्म देश में अपना जलवा तो दिखा ही रही है, इसके अलावा इस फिल्म का जादू विदेशों में भी दिख रहा है। पाकिस्तान से कुछ ऐसी खबरें आ रही हैं कि वहां के थियेटरों में पहले से ही बुकिंग हो गई है और कई लोगों को सिनेमा हॉल के गलियारे में खड़े होकर फिल्म को देखना पड़ रहा है।

अक्षय कुमार ने विपुल शाह के साथ मिलकर इस फिल्म को बनाने में अपना सहयोग दिया है। वे दोनों बहुत दिनों के बाद एक साथ किसी फिल्म से जुड़े हैं। आजकल अमूमन अक्षय कुमार फिल्म के लिए 30 करोड़ रुपये लेते हैं लेकिन इस फिल्म के लिए उन्होंने केवल 12 करोड़ रुपये लिए।

शाह का कहना है, ‘मैंने और अक्षय ने एक साथ काम किया है और पहले भी हमलोगों कि फिल्में हिट हुई हैं, इसी वजह से उन्होंने ‘सिंह इज किंग’ के लिए अपनी फीस को कम किया।’ अक्षय कुमार कम फीस लेने का इस तरह का फैसला शायद ही कभी लिया है।

नाहटा का कहना है, ‘कोई भी फिल्म निर्माता अब उनको अपनी फिल्म में लेने के लिए 50 से 60 करोड़ रुपये दे सकता है।’ कुछ समय पहले तक इतनी रकम वाली फिल्म को बड़ी बजट वाली फिल्म माना जाता था। फिल्मों से जुड़े ट्रेड पंडितों का कहना है कि इस तरह की बड़ी रकम के वल शाहरुख खान के लिए ही थी।

अब सवाल यह है कि अक्षय कुमार के लिए इतनी बड़ी रकम देने की आखिर वजह क्या है? दूसरे फिल्म स्टार के मुकाबले अक्षय कुमार के दीवाने केवल मेट्रो शहरों तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि छोटे कस्बों और शहरों में भी उनके फैन हैं।

नाहटा कहते हैं, ‘अक्षय कुमार बेहद अच्छे दिखते भी हैं और उन्होंने अपनी शुरुआत एक्शन हीरो के तौर पर तब शुरु की थी जब दर्शक सचमुच इस तरह के हीरो की खोज में थे।’ बॉलीवुड में फिलहाल सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अक्षय कुमार का जन्म अमृतसर के एक मध्यम वर्ग के परिवार में हुआ था उस वक्त उनका नाम राजीव भाटिया था।

वह दिल्ली के चांदनी चौक में ही पले-बढ़े फिर थाईलैंड में मार्शल आर्ट सीखा। उसके बाद उन्होंने बैंकॉक में खानसामे के तौर पर काम किया। उसके बाद उन्होंने बॉलीवुड का सफर तय किया। अक्षय कुमार ने अपने शुरुआती दिनों में खिलाड़ी, मोहरा और मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी जैसी हिट फिल्मों भी दी बावजूद इसके उनको काफी संघर्ष भी करना पड़ा।

हालांकि उनके हिस्से में असली सफलता तब हाथ आई जब उन्होंने साल 2000 में हेरा-फेरी जैसी कॉमेडी फिल्मों से अपनी नई शुरुआत की। उसके बाद तो उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इंडियन फिल्म के चीफ एक्जीक्यूटिव संदीप भार्गव का कहना है कि अक्षय इस इंडस्ट्री में कोई नए चेहरे के तौर पर नहीं देखे जाते लेकिन फिल्मों के साथ प्रयोग करने में वह कोई कोताही नहीं बरतते यही उनकी खासियत है।

शाह कहते हैं कि वह बहुत ही प्रतिभाशाली अभिनेता और प्रोफेशनल हैं और वे बेहद शालीन भी हैं। सिंह इज किंग फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर झंडा गाड़ने से पहले ही अक्षय कुमार ने छोटे पर्दे पर भी अपना जलवा दिखाया। कलर्स चैनल पर ‘खतरों के खिलाड़ी’ के बतौर एंकर उन्होंने एक एपीसोड के लिए डेढ़ करोड़ रुपये फीस ली। इस प्रोग्राम की रेटिंग भी 2.3 रही।

इस शो के जरिए इस नए चैनल को दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाने में काफी फायदा हुआ। अब विज्ञापनों की दुनिया में भी उनकी धूम मची हुई है। थम्स अप और माइक्रोसॉफ्ट एक्स बॉक्स के बाद किसी बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी के विज्ञापन के लिए भी बात चल रही है।

ब्रांड स्पेशलिस्ट और हरीश बिजूर कंसल्टेंट के सीईओ हरीश बिजूर का कहना है, ‘फिल्मों में तो वह टॉप स्टार की श्रेणी में शामिल हैं लेकिन विज्ञापनों के मामले में भी वह ऋतिक रोशन की तरह ही ज्यादा पीछे नहीं हैं। अब उनकी फिल्मों की सफलता से विज्ञापनों के बाजार में भी अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और आमिर खान के साथ उनका नाम भी जुड़ जाएगा।’

बिजूर का कहना है कि अक्षय पहले किसी विज्ञापन के लिए डेढ़ करोड़ रुपये लेते थे और अब तो 5 से 6 करोड़ रुपये की मांग भी कर सकते हैं। बिजूर के मुताबिक अक्षय ने छोटे पर्दे पर बेहद काबिलियत भरी शुरुआत की है।

First Published : August 20, 2008 | 11:02 PM IST