दुर्गा पंडाल में महिषासुर जैसे दिखाए गए बापू, सोशल मीडया पर फूटा लोगों का गुस्सा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 2:20 PM IST

दक्षिण पश्चिम कोलकाता में एक पूजा पंडाल में महिषासुर की प्रतिमा में महात्मा गांधी जैसी झलक दिखने के बाद नाराज लोगों ने सोशल मीडिया पर पूजा का आयोजन करने वाले हिंदू महासभा के नेताओं की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि आयोजक अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने दावा किया कि यह संयोग ही है कि महिषासुर की प्रतिमा गांधीजी से मेल खा रही थी, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इस दलील से सहमत नहीं हुए। 

 
पुलिस ने प्रतिमा में बदलाव करने को कहा 

 अतनु चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘कोलकाता में दुर्गा पूजा में महात्मा गांधी को असुर के रूप में दिखाने पर हिंदू महासभा के अधिकारियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।’ सोशल मीडिया पर दुर्गा पूजा पंडाल की तस्वीरें सामने आने के बाद कोलकाता पुलिस ने महासभा से प्रतिमा में बदलाव करने को कहा। पुलिस ने इसे ट्विटर पर साझा करने वाले पत्रकार इंद्रदीप भट्टाचार्य से भी हटाने को कहा क्योंकि इससे त्योहारों के दौरान तनाव फैल सकता है। 
 
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

 उज्जैनी नामक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘हिंदू महासभा ने कोलकाता पुलिस के अनुरोध पर प्रतिमा बदलने और उस पर मूंछ और बाल लगाने का दावा किया है। कोलकाता पुलिस ने क्या आसान उपाय खोजा है।’ पहले प्रतिमा के सिर पर बाल नहीं थे और उसे सफेद धोती के साथ गोल फ्रेम वाला चश्मा पहनाया गया था।

शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि यह स्वतंत्रता सेनानियों को अपमानित करने का प्रयास है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘यह संयोग नहीं है। यह हमारे स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को अपमानित करने के लिए चल रहे मौजूदा विमर्श के अनुरूप जानबूझकर किया गया प्रयास है।’

 
अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने दी सफाई

 अखिल भारतीय हिंदू महासभा की राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने कहा कि संगठन किसी की भावनाओं को आहत नहीं करना चाहता था। उन्होंने कहा कि महिषासुर की प्रतिमा में महात्मा गांधी की झलक होना एक संयोग ही था और इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर मूर्ति का चेहरा बदलने को कहा।

 

First Published : October 3, 2022 | 4:28 PM IST