दिल्ली: ऑटो-टैक्सी चालकों को नकदी, गरीबों को राशन मिलेगा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:11 AM IST

दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे गरीब परिवारों और ऑटो-टैक्सी चालकों की आर्थिक मदद करने का निर्णय लिया है। सरकार 72 लाख राशन कार्ड धारकों को दो महीने तक मुफ्त राशन देगी। वहीं दिल्ली में पंजीकृत ऑटो-टैक्सी चालकों को 5-5 हजार रुपये की आर्थिक मदद देगी। इस पर करीब 78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे पहले प्रदेश सरकार ने दिल्ली में पंजीकृत करीब 2 लाख निर्माण श्रमिकों को 5-5 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी थी। इसके साथ ही कोरोना संक्रमित श्रमिकों को अलग से 5 से 10 हजार की आर्थिक सहायता दी थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने ऑटो-टैक्सी चालकों को 5-5 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। इससे दिल्ली में पंजीकृत 1.56 लाख ऑटो-टैक्सी चालक लाभान्वित होंगे। सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन देने का भी फैसला लिया है। दिल्ली के गरीब 72 लाख राशन कार्ड धारकों को दो महीने तक मुफ्त राशन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका यह अर्थ कतई नहीं है कि दो महीने तक लॉकडाउन रहेगा।

First Published : May 4, 2021 | 11:44 PM IST