हवाई अड्डा परियोजना से प्रभावित लोगों का सिडको भवन पर प्रदर्शन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:22 AM IST

नवी मुंबई हवाई अड्डा परियोजना से प्रभावित लोगों ने गुरुवार को सिडको भवन पर रैली निकाली, जो बाद में  सभा मे तब्दील हो गई। यह सभा नवी मुंबई महागरपालिका कार्यालय के सामने सड़क पर हुई। हवाई अड्डे को दि.बा. पाटिल नाम देने के लिए आज नवी मुंबई, ठाणे और रायगड के लोग एकजुट हुए। इसमें बड़ी संख्‍या में लोग शामिल हुए। आंदोलन में पनवेल के भाजपा विधायक प्रशांत ठाकुर और उरण के विधायक महेश बालदी ने भी भाग लिया।
एक तरफ हवाई अड्डे का नाम शिवसेना नेता बालासाहेब ठाकरे के  नाम पर रखे जाने की मांग हो रही है,  तो दूसरी ओर दि.बा. पाटिल के नाम को लेकर मांग की जा रही है। दो दिन पहले ही राज ठाकरे ने कहा था कि हवाई अड्डे का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर होगा।
आंदोलन के मद्देनजर कल से ही पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद  थी। पुलिस के करीब पांच हजार जवानों का बंदोबस्त किया गया था। आंदोलन को ध्‍यान में रखते हुए सड़क बंद कर दी की गर्इ थी। सवेरे 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। मुंबई से पुणे जाने वाला यातायात महापे शिलफाटा से मोड दिया गया है।
सिडको पहले ही हवाई अड्डे का नाम बालासाहेब ठाकरे के नाम का प्रस्ताव पारित कर चुकी है। कृति समिति द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है।
कृति समिति के दशरथ भगत ने बताया कि करीब एक  लाख से ज्‍यादा लोग पहुंचे।

First Published : June 24, 2021 | 11:33 PM IST