जे पी एसोसिएट्स ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित 1,980 मेगावाट क्षमता की बारा परियोजना के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली लैंको को झटका दिया है।
इस परियोजना के लिए जे पी एसोसिएट्स ने अपनी बोली घटा दी है। दूसरी ओर बोली लगाने वाली बाकी दो कंपनियों- लैंको और रिलायंस ने अपनी बोलियों में कोई फेरबदल करने से इनकार कर दिया है।
जे पी ने बोली घटाकर 3.02 रुपये प्रति यूनिट कर दी है। इसके बाद यह इस परियोजना के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बन गई है। ऊर्जा टास्क फोर्स ने काफी समय से लंबित पड़ी इस परियोजना के लिए जे पी को पसंदीदा कंपनी बताया है।
सूत्रों ने बताया कि आने वाले एक दो दिन में राज्य कैबिनेट इसे मंजूरी दे सकती है। इससे पहले इसके लिए लैंको सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी थी। लैंको ने 3.09 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बोली लगाई थी।
जबकि जे पी ने 3.36 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बोली लगाई थी। जे पी को पहले ही 1,320 मेगावाट क्षमता वाली करछना पावर परियोजना का ठेका मिल चुका है। इस परियोजना के लिए कंपनी ने 2.97 रुपये प्रति यूनिट की बोली लगाई थी।