देश की सबसे धनी महानगरपालिका के तौर पर जानी जाने वाली बृहन्मुंबई महानगरपालिका (मनपा) ने आज वर्ष 2022-23 के लिए 45,940.78 करोड़ रुपये का बजट पेश किया जो पिछले वर्ष के 39,038.83 करोड़ रुपये से 6,901.95 करोड़ रुपये अधिक है। बजट में किसी तरह के संपत्ति कर में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
मनपा अयुक्त आईएस चहल ने बजट पेश करते हुए कहा कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष का बजट 17.70 फीसदी अधिक है। अयुक्त के अनुसार 2022-23 में विभिन्न स्रोतों से 30,743.61 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है जो 2021-22 की तुलना में 2,932.04 करोड़ रुपये अधिक है। जनवरी 2022 के आखिर तक 30,851.18 करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्ति मुंबई मनपा को हो चुकी है। वित्त वर्ष 2022-23 में 23,294.05 करोड़ रुपये का राजस्व खर्च होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। 2021-22 में 20,276.33 करोड़ रुपये राजस्व खर्च होने का अनुमान था, जो बाद में बढ़कर 22,744.87 करोड़ रुपये हो गया। मुंबई मनपा के बजट अनुमान के अनुसार उसे 11,429.73 करोड़ रुपये का राजस्व चुंगी के बदले सहायता अनुदान के रूप में मिलने वाला है। प्रॉपर्टी टैक्स से 7,000 करोड़, विकास नियोजन विभाग से 3,950 करोड़ रुपये, मनपा द्वारा किए गये निवेश पर मिलने वाले व्याज से 1,128.74 करोड़ रुपये और वॉटर एवं सिवरेज चार्ज से 1,596.93 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है।
मनपा आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष प्रॉपर्टी टैक्स (संपत्ति कर) में बढ़ोतरी नहीं हुई है। मनपा की तरफ से 500 वर्ग फुट या उससे कम क्षेत्रफल के घरों को प्रॉपर्टी टैक्स भरने से छूट दी गई है।