Winter session of Parliament
पुलिस ने लोकसभा में कूदने वाले दूसरे व्यक्ति की भी पहचान कर ली है। अधिकारियों के अनुसार उसकी पहचान मनोरंजन नामक व्यक्ति के रूप में की गई है। इससे पहले, एक अन्य व्यक्ति की पहचान उसके विजिटर पास से सागर शर्मा के रूप में हुई। दोनों दर्शक दीर्घा से सदन के अंदर कूद गए थे।
दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को सुरक्षा चूक के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए संसद भवन परिसर का दौरा किया। इस बीच, एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया जब वे संसद भवन परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
उनकी पहचान हरियाणा के हिसार की नीलम (42) और महाराष्ट्र के लातूर के अमोल शिंदे (25) के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद आज के लिए वैध आगंतुक पास रखने वाले लोगों को स्वागत क्षेत्र से वापस भेज दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अब तक दर्शकों या आंगुतकों पर “प्रतिबंध” लगाने का कोई लिखित निर्देश नहीं आया है। आमतौर पर, दर्शकों के पास दो घंटे के लिए जारी किए जाते हैं। इससे पहले, दिन में कई सांसदों की पत्नियों ने नए संसद भवन का दौरा किया था।
यह भी पढ़ें : Parliament Winter Session: संसद की सुरक्षा में लापरवाही! लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो लोग कूदे, सदन के अंदर धुआं-धुआं
लोकसभा अपने स्तर पर कर रही है जांच – ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि लोकसभा अपने स्तर पर जांच कर रही है तथा इस बारे में दिल्ली पुलिस को भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक जांच से इस बात का पता चला है कि जो धुआं सदन में फैलाया गया था, वह साधारण था।
उन्होंने कहा कि यह सनसनी फैलाने के लिए किया गया था और इसे लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। बिरला ने यह भी कहा कि सदन में कूदने वाले दोनों लोगों को पकड़ कर उनके पास से सारी सामग्री जब्त कर ली गई है, साथ ही संसद भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे दो और लोगों को भी पकड़ा गया है सदन में शून्यकाल के दौरान दोपहर करीब एक बजे दर्शक दीर्घा से दो व्यक्ति सदन में कूदे। इनमें से एक व्यक्ति एक मेज से अगली मेज पर तेजी से कूदते हुए आगे की ओर भाग रहा था।
सुरक्षाकर्मियों और कुछ सांसदों ने उसे घेर लिया। बाद में दोनों को पकड़ लिया गया। तब सदन का संचालन कर रहे पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।