2047 तक 35,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लिए 9-10% की ग्रोथ रेट जरूरी: Amitabh Kant

भारत के जी-20 शेरपा और नीति आयोग के पूर्व सीईओ Amitabh Kant ने रविवार को कहा कि ऐसा करके हम 2047 तक 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 18, 2024 | 8:12 PM IST

भारत को लगभग तीन दशकों तक 9-10 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ने और लगातार नवाचार करने की जरूरत है। भारत के जी-20 शेरपा और नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत ने रविवार को कहा कि ऐसा करके हम 2047 तक 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।

कांत ने टेक एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन मुंबई (टीईएएम) के कार्यक्रम ‘मुंबई टेक वीक’ (एमटीडब्ल्यू) के एक सत्र में कहा, ”हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और 2027 तक हम जापान और जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि 2047 में जब आजादी के सौ साल पूरे होंगे, तब तक भारत 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाए।”

कांत ने कहा कि इसका मतलब है 2047 तक भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का मतलब है कि हमें करीब तीन दशकों तक 9-10 फीसदी की सालाना वृद्धि की जरूरत है और इसका मतलब है कि हमें लगातार नवाचार करने की जरूरत है।

कांत ने कहा कि भारत ने 1.4 अरब लोगों की डिजिटल पहचान बनाई और तकनीकी रूप से देश बहुत आगे बढ़ गया है।

First Published : February 18, 2024 | 8:12 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)