राजनीति

TDP नेता चंद्रबाबू नायडू आज लेंगे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी सहित BJP के कई दिग्गज रहेंगे मौजूद

Chandrababu Naidu Oath Ceremony: चंद्रबाबू नायडू शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उन किसानों को भी निमंत्रण दिया गया है जिन्होंने अमरावती राजधानी परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी

Published by
रत्न शंकर मिश्र   
Last Updated- June 12, 2024 | 12:40 PM IST

N Chandrababu Naidu’s Swearing-in Ceremony: लोकसभा चुनाव के बाद नई NDA सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले तेलगूदेशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में प्रध्रानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू का मुख्यमंत्री के पद पर यह चौथा कार्यकाल शुरू होने वाला है। 20 अप्रैल 1950 को जन्मे चंद्रबाबू नायडू इससे पहले 1995 से लेकर 2004 तक लगातार दो बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उस समय आंध्र प्रदेश का विभाजन नहीं हुआ था। साल 2014 में आंध्र प्रदेश से तेलंगाना अलग हो गया और उसके बाद ही वे तीसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। आज चंद्रबाबू नायडू को चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने के लिए न केवल पीएम मोदी मौजूद रहेंगे बल्कि, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और बंडी संजय कुमार समेत भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।

चंद्रबाबू नायडू कब और कहां लेगें शपथ

TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू विजयवाड़ा के बाहरी इलाके केसरापल्ली में गन्नावरम हवाई अड्डे के पास सुबह 11.27 बजे शपथ लेंगे। नायडू के साथ उनके बेटे नारा लोकेश, जनसेना प्रमुख पवन कल्याण और 21 अन्य लोग भी शपथ ले सकते हैं। माना जा रहा है कि पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री पद की पेशकश की गई है।

आज तेलुगूदेशम पार्टी की तरफ से जारी की गई लिस्ट के मुताबिक, चंद्रबाबू नायडू समेत 25 लोग शपथ लेंगे। इनमें से भाजपा के सिर्फ 1 विधायक सत्य कुमार यादव (Satya Kumar Yadav) नायडू कैबिनेट में शामिल होंगे। वहीं, पवन कल्याण के अलावा, जन सेना पार्टी के नाडेंडला मनोहर (Nadendla Manohar) औऱ कंडूला दुर्गेश (Kandula Durgesh) शामिल हैं।

नायडू कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों में 3 महिलाएं, 8 पिछड़ी जाति (Backward Class) और दो अनुसूचित जाति (SC), 1 अनुसूचित जनजाति (ST) और एक मुस्लिम विधायक शामिल हैं।

राज्य सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने बताया था कि पीएम मोदी के सुबह 10.40 बजे गन्नावरम हवाई अड्डे पर पहुंच सकते हैं। इसके बाद 10.55 बजे तक उनके शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। उनके दोपहर 12.45 बजे भुवनेश्वर के लिए प्रस्थान करने की संभावना है। ओडिशा में भी आज भाजपा नेता मोहन चरण माझी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

देखें नायडू कैबिनेट में शामिल होने वाले सभी मंत्रियों की लिस्ट

पवन कल्याण बन सकते हैं उपमुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश में कितने हो सकते हैं मंत्री

बता दें कि आंध्र प्रदेश की विधानसभा में कुल चुने गए विधानसभा सदस्यों की संख्या 175 होती है। कुल चुने गए विधायकों में से 15 फीसदी को ही मंत्रिमंडल दिया जा सकता है। ऐसे में आंध्र प्रदेश विधानसभा में कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 26 मंत्री हो सकते हैं। माना जा रहा है कि जन सेना पार्टी के पवन कल्याण आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) हो सकते हैं।

मंगलवार को अलग-अलग बैठकों में तेलुगु देशम विधायक दल और NDA सहयोगियों ने नायडू को अपना नेता चुना। विधायकों को संबोधित करते हुए नायडू ने अपने ड्रीम प्रोडेक्ट के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि वह अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में TDP NDA के साथ मिलकर चुनाव लड़ी थी। NDA को इसमें 164 सीटों पर जीत हासिल हुई। NDA के तहत कुल 175 लोकसभा सीटों में से 144 पर TDP चुनाव लड़ी थी, जिसमें से 135 पर जीत हासिल हुई। वहीं, जन सेना पार्टी ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था, और सभी सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा 10 सीटों पर चुनाव लड़ीं और 8 पर जीत हासिल की।

वहीं अगर लोकसभा चुनाव की भी बात करें तो TDP आंध्र प्रदेश में भाजपा के साथ मिलकर NDA के तहत चुनाव लड़ी थी। आंध्र प्रदेश में कुल 25 लोकसभा सीटों में से 21 लोकसभा सीटों पर NDA ने जीत हासिल की थी।

चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी को लेकर क्या कहा?

नायडू ने कहा, ‘आपके सभी सहयोग से, मैं कल (मुख्यमंत्री के रूप में) शपथ ले रहा हूं और इसके लिए मैं आप सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं।’ केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के विकास के लिए ‘आश्वासन’ दिया।

TDP सूत्रों ने PTI को बताया कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उन किसानों को भी निमंत्रण दिया गया है जिन्होंने अमरावती राजधानी परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी और कुछ ऐसे लोगों को भी निमंत्रण दिया गया है जिन्हें पिछले YSR कांग्रेस शासन के दौरान कथित तौर पर परेशान किया गया था।

First Published : June 12, 2024 | 9:31 AM IST