प्राकृतिक रबर का उत्पादन और खपत बढ़ी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 11:56 PM IST

प्राकृतिक रबर के उत्पादन और खपत में 2008-09 के दौरान बढ़ोतरी हुई है। उत्पादन जहां 8,65,000 टन के आंकड़े पर पहुंच गया है, वहीं खपत 8,66,000 टन पर पहुंच गया है।
यह आंकड़े हाल ही में रबर बोर्ड ने जारी किए हैं। प्राकृतिक रबर के उत्पादन में  4.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।  साल 2007-08 में इसका उत्पादन 8,25,000 टन था।
हालांकि 2007-08 में उसके पहले के साल की तुलना में उत्पादन में तेज गिरावट दर्ज की गई थी, क्योंकि इस साल केरल के रबर के पौधों को चिकनगुनिया नाम की बीमारी लग गई थी। 2006-07 में कुल उत्पादन 8,53,000 टन था।
बहरहाल 2008-09 में खपत में मामूली (0.5 प्रतिशत की) बढ़त दर्ज की गई। भारत में प्राकृतिक रबर की खपत 2008-09 के दौरान 8,66,000 टन रहा, जबकि 2007-08 में खपत 8,61,000 टन था। 2008-09 के दौरान रबर के निर्यात में तेज गिरावट देखी गई।
इस साल के दौरान 45,538 टन रबर का निर्यात किया गया, जबकि इसके पहले साल 2007-08 के दौरान रबर का कुल निर्यात 60,353 टन रहा। मुख्य रूप से ऐसा वैश्विक मंदी की वजह से हुआ। मंदी की वजह से कृत्रिम रबर की कीमतें भी तेजी से गिरीं। इसके साथ ही आयात में खी 6367 टन की गिरावट दर्ज की गई, जो 2007-08 के 86,394 टन से घटकर 79,927 टन रह गया।
खपत में मामूली बढ़ोतरी और निर्यात में गिरावट के चलते प्राकृतिक रबर के घरेलू स्टॉक में खासी बढ़त दर्ज की गई। 31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक कुल स्टॉक 205,000 टन रहा, जबकि मार्च 2008 में कुल स्टॉक 164,000 टन था।
स्टॉक में बढ़ोतरी की मुख्य वजह यह रही कि उत्पादकों ने भंडारण कर रखा था और कीमतें 100 रुपये प्रति किलो पर चली गई थीं। स्टॉक बढ़ने से मानसून सत्र में कीमतें गिरने का भी अनुमान है, जब उत्पादन चरम पर होता है।

First Published : April 10, 2009 | 5:52 PM IST