स्वतंत्र बिजली उत्पादक एस्सार पावर ने 1,913 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर अपनी दो ट्रांसमिशन लाइनों में से एक को बेचने के लिए अदाणी ट्रांसमिशन के साथ समझौता किया है।
एस्सार पावर ट्रांसमिशन कंपनी (ईपीटीसीएल) की तीन भारतीय राज्यों में 465 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन हैं। एस्सार समूह द्वारा बेची जाने वाली परिसंपत्तियां 400 केवी इंटर-स्टेट ट्रांसमिशन लाइन है और यह मध्य प्रदेश के महान पावर स्टेशन से छत्तीसगढ़ पूलिंग सबस्टेशन में सीपत से जुड़ी हुई है। यह परियोजना सीईआरसी विनियमित रिटर्न फ्रेमवर्क के तहत संचालित की जाती है।
अदाणी ट्रांसमिशन के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी अनिल सरदाना ने कहा, ‘एस्सार की ट्रांसमिशन परिसंपत्तियों का अधिग्रहण मध्य भारत में एटीएल की उपस्थिति को मजबूत बनाएगा। इस अधिग्रहण के साथ एटीएल समय से पहले अपना 20,000 किलोमीटर का लक्ष्य हासिल करने की राह पर तेजी से बढ़ रही रही है। हम ग्रिड मजबूती के मोर्चे पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं और अपने हितधारकों को टिकाऊ, भरोसेमंद और किफायती ऊर्जा समाधान मुहैया करा रहे हैं। यह अधिग्रहण विलय एवं अधिग्रहण तथा आंतरिक स्रोतों के जरिये विकास के तहत एटीएल की मूल्य वृद्धि के अनुरूप है।’ इस अधिग्रहण के जरिये एटीएल का कुल नेटवर्क 19,468 सर्किट किलोमीटर पर पहुंच जाएगा, जिसमें से 14,952 किलोमीटर परिचालन में है और 4,516 किलोमीटर क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में है। इसके अलावा वह देश में सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की पारेषण एवं वितरण कंपनी की अपनी हैसियत मजबूत बनाने पर भी ध्यान देगी।
यह बिक्री एस्सार समूह द्वारा उसकी कंपनियों में कर्ज घटाने की योजना का हिस्सा है। पिछले तीन साल के दौरान एस्सार पावर ने अपना कर्ज 30,000 करोड़ रुपये से घटाकर 6,000 करोड़ रुपये किया है। इसके अलावा, एस्सार पावर अक्षय ऊर्जा से संबंधित ग्रीन बैलेंस शीट को दुरुस्त करने की प्रक्रिया में है, जो भविष्य-केंद्रित व्यवसायों में एस्सार की निवेश रणनीति के अनुरूप है।
एस्सार पावर के मुख्य कार्याधिकारी कुश एस ने कहा, ‘इस सौदे के साथ, एस्सार पावर अपनी बैलेंस शीट को कर्ज-मुक्त बनाने और ग्रीन एवं अक्षय ऊर्जा में निवेश के दोहरे लक्ष्य के साथ बिजली पोर्टफोलियो को पुनर्संतुलित कर रही है, जिससे उसकी ईएसजी-केंद्रित आगामी वृद्धि और मजबूत होगी। भारत और कनाडा में चार संयंत्रों में एस्सार पावर की मौजूदा विद्युत उत्पादन क्षमता 2,070 मेगावॉट है। ’