स्पंनद स्फूर्ति फाइनैंशियल लिमिटेड (एसएसएफएल) के बोर्ड और उसकी पूर्व प्रबंध निदेशक पद्मजा रेड्डी के बीच विवाद का समाधान निकलने से इस सूक्ष्म वित्त संस्थान के लिए 30 जून 2022 से पहले वित्त वर्ष 2022 के नतीजे की घोषणा करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बोर्ड और रेड्डी के बीच लंबित समझौते के कारण नतीजे की घोषणा में देरी हो चुकी है। कंपनी और रेड्डी ने अपने मतभेदों को सुलझा लिया है और सौहार्दपूर्ण शर्तों पर अलग होने पर सहमत हुए हैं।
स्पंदन ने बीएसई को दी जानकारी में कहा है कि कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों के निदेशक मंडल (यानी क्रिस फाइनैंशियल लिमिटेड और कैस्पियन फाइनैंशियल सर्विसेज लिमिटेड) ने 21 जून, 2022 को सुलह समझौते को मंजूरी दी। साथ ही कंपनी और उसकी पूर्व एमडी रेड्डी के बीच समझौता भी किया गया है। कंपनी का शेयर आज स्टॉक एक्सचेंज पर 17.45 फीसदी की बढ़त के साथ 391.30 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
इस सुलह समझौते के तहत जिन मुद्दों को निपटाया गया है उनमें बकाये का भुगतान और संबंधित पक्ष के लेनदेन शामिल हैं। पद्मजा रेड्डी ने 2 नवंबर, 2021 को कंपनी की प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद बोर्ड के साथ उनका कुछ विवाद पैदा हो गया था।