इमामी समूह ने नए और मौजूदा ब्रांडों की मार्केटिंग पर तकरीबन 150 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। इमामी इस साल बेबी केयर यानी शिशुओं के लिए उत्पादों के बाजार में दस्तक देगी।
कंपनी ने अपनी आयुर्वेदिक ओवर द काउंटर उत्पाद रेंज को पूरे देश में पेश करने की योजना बनाई है। इमामी के निदेशक आदित्य अग्रवाल ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘हम नए उत्पादों के लिए अपने वितरण नेटवर्क को समृद्ध बनाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल 4 लाख आउटलेटों तक हमारी सीधी पहुंच है और इस साल हम 6 लाख आउटलेटों तक अपनी मौजूदगी कायम करना चाहते हैं।’
कंपनी की कुल वितरण पहुंच 30 लाख आउटलेटों तक है। इमामी ने अपनी बिक्री और वितरण प्रणाली के आकलन के लिए कंसल्टेंसी फर्म अर्न्स्ट ऐंड यंग के साथ एक करार किया है। कंपनी को नए उत्पादों के लॉन्च और मौजूदा ब्रांडों के जरिये इस साल बिक्री में 20 फीसदी से भी अधिक का इजाफा होने की संभावना है।
कंपनी के 25 ब्रांडों में बोरोप्लस, फेयर ऐंड हैंडसम, नवरत्न ऑयल, सोना चांदी च्यवनप्राश और मेंथोप्लस प्रमुख ब्रांड हैं। बोरोप्लस, फेयर ऐंड हैंडसम और नवरत्न ऑयल की बाजार भागीदारी तकरीबन 60 फीसदी है। वैसे ‘सोना चांदी’ बाजार भागीदारी के मामले में प्रतिस्पर्धी डाबर च्यवनप्राश से थोड़ा पीछे है।