दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में CNG और रसोई गैस की खुदरा बिक्री करने वाली कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में अपने शुद्ध लाभ में चार फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। प्राकृतिक गैस की कीमतें बढ़ने से उसके मार्जिन पर असर देखा गया।
IGL ने एक बयान में कहा कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 416.15 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में उसे 400.54 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।
दोगुना बढ़ा राजस्व
दूसरी तिमाही में IGL का राजस्व करीब दोगुना होकर 3,922.02 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में उसने 2,015.99 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया था। इस साल फरवरी में यूक्रेन पर रूस के हमला करने के बाद से प्राकृतिक गैस की कीमतें करीब दोगुनी हो चुकी हैं। इसकी वजह से IGL का गैस खरीद पर व्यय 929.97 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,610.03 करोड़ रुपये हो गया।
बीती तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री एक साल पहले की तुलना में 12 फीसदी बढ़ गई और इसकी दैनिक बिक्री 80.9 लाख घन मीटर प्रतिदिन पर पहुंच गई। इस दौरान CNG की बिक्री मात्रा में 15 फीसदी की बढ़त देखी गई जबकि पाइप से रसोई गैस (PNG) की बिक्री मात्रा तीन फीसदी बढ़ गई।