इंडिगो एयरलाइन्स यानी इंटरग्लोब एविएशन के को-प्रमोटर राकेश गंगवाल और उनकी पत्नी ने अपनी 2.74 फीसदी की हिस्सेदारी को बेच दिया है। राकेश गंगवाल और पत्नी ने 2005 करोड़ रुपए में ये हिस्सेदारी बेची है। गुरुवार को ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिए ये हिस्सेदारी बेची गई।
बता दें कि फरवरी 2022 में ही गंगवाल ने कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के पद से इस्तीफा देते हुए इस बात का एलान किया था कि वो अगले 5 सालों में अपनी हिस्सेदारी बेच देंगे। राकेश गंगवाल ने राहुल भाटिया के साथ मिलकर कम लागत वाली एयरलाइन इंडिगो (Indigo Airline) की शुरुआत की थी।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, राकेश गंगवाल और पत्नी ने अपनी हिस्सेदारी बेचने की जानकारी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के साथ शेयर की है। एनएसई के डाटा के मुताबिक, राकेश गंगवाल और उनकी पत्नी शोभा गंगवाल ने कुल 1.05 करोड़ शेयर बेचे हैं, जो कि कंपनी का 2.74 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है।
जून तिमाही के मुताबिक, गंगवाल और उनका परिवार कंपनी में 36.61 फीसदी स्टेकहोल्डर था। जिसमें राकेश गंगवाल का स्टेक 14.6 फीसदी और शोभा गंगवाल का स्टेक 8.39 फीसदी था। इसके अलावा बाकी की हिस्सेदारी चिंकेरपूर फैमिली ट्रस्ट के पास थी.