विविध कारोबार करने वाली कंपनी आईटीसी ने कहा है कि वह हरेक श्रेणी में प्रतिस्पर्धी तौर पर बेहतर प्रदर्शन दर्ज करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। कंपनी ने कहा है कि उसके शेयर का मूल्यांकन बाजार तय करेगा।
कंपनी की वार्षिक आम बैठक में आज कई शेयरधारकों ने आईटीसी के शेयर में तेजी, कंपनी के प्रदर्शन और उच्च लाभांश भुगतान के बारे में बताया। यह पिछली दो वार्षिक आम बैठक के मुकाबले बिल्कुल अलग था जब शेयरधारकों ने शेयर के खराब प्रदर्शन के बारे में चिंता जताई थी।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज पर शेयर कंपनी का शेयर आज 52 सप्ताह के नए उच्च स्तर 299.55 रुपये को छूने के बाद 298.10 रुपये पर बंद हुआ।
आईटीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी ने वार्षिक आम बैठक के दौरान शेयरधारकों के सवालों का जवाग देते हुए कहा, ‘आप में से कई लोग खुश हैं कि शेयर मूल्य ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं हमेशा से कहता रहा हूं कि प्रबंधन का ध्यान यह सुनिश्चित करना है कि कारोबार प्रतिस्पर्धी रहे। हम आज, कल और परसों के लिए निवेश कर रहे हैं और कारोबार खड़ा कर रहे हैं।’
पुरी ने कहा कि कंपनी विश्वस्तरीय ब्रांडों को वैश्विक बाजारों में ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘हाल के वर्षों में हमने विदेश में वितरण नेटवर्क स्थापित किया है। इससे आईटीसी के प्राउडी इंडियन ब्रांडों को 60 से अधिक देशों को निर्यात करने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। समय के साथ-साथ इस प्रकार के निर्यात का कंपनी के मूल्यवर्द्धित एफएमसीजी पोर्टफोलियो की वृद्धि में महत्त्वपूर्ण योगदान होगा।’
एफएमसीजी कारोबार कंपनी के नए विविधीकरण में शामिल रहा है और उसके पास करीब 25 ब्रांडों का पोर्टफोलियो है। वित्त वर्ष 2022 में इस कारोबार में 24,000 करोड़ रुपये का उपभोक्ता खर्च दिखा।
पुरी ने कहा, ‘सावधानीपूर्वक चुने गए इस पोर्टफोलियो में वृद्धि की काफी गुंजाइश है। इसके लिए 2030 तक 5 लाख करोड़ रुपये का बाजार तैयार होने की उम्मीद है जो भारतीय एफएमसीजी क्षेत्र का एक सबसे बड़ा बाजार होगा। ‘
आईटीसी ने साल के दौरान 110 उत्पादों को लॉन्च किया। इसके बारे में बताते हुए पुरी ने कहा कि यह कंपनी के उपभोक्ता केंद्रित होने और उसकी चुस्ती, नवोन्मेषी क्षमता एवं डिजिटल बदलाव का प्रमाण है।